ट्रंप की टैरिफ धमकी पर भारत का जवाब, 25% शुल्क लगाने के अमेरिकी प्रस्ताव को किया खारिज

MODI_AND_TRUMP

India-US Trade Deal: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक बार फिर भारत पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से जारी प्रस्ताव में भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की बात कही गई है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में इस दर को घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। अमेरिका के इस प्रस्ताव पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए लगाए गए आरोपों को गलत बताया है।

अतिरिक्त उत्पादन के आरोप पर भारत का जवाब

ट्रंप प्रशासन ने भारत पर ‘स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी’ यानी संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता होने का आरोप लगाया है। इसी आधार पर भारतीय उत्पादों पर 20 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। भारत ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। भारत का कहना है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मौजूद नहीं है।

वाणिज्य मंत्रालय ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से ‘सेक्शन 301’ के तहत की गई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उसने जारी नोटिस का संज्ञान लिया है और उसकी समीक्षा की जा रही है। मंत्रालय के मुताबिक, पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान भारत ने रचनात्मक तरीके से सहयोग किया है। जांच के दौरान भी भारत ने अपना पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया था कि उसके किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता नहीं है। भारत ने यह भी कहा कि व्यापार से जुड़े मुद्दों का हल दोनों देशों के बीच जारी बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए।

ट्रेड डील होने पर घट सकता है टैरिफ

अमेरिकी प्रशासन ने नए व्यापार ढांचे के तहत भारतीय सामानों पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव भी सामने रखा है। वहीं, USTR की ओर से जारी शुल्क सूची में भारतीय निर्यात पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ का प्रावधान शामिल है। ऐसे में दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने पर शुल्क की दर 17 प्रतिशत तक रखी जा सकती है। अमेरिका का तर्क है कि कुछ देशों ने वैश्विक मांग के मुकाबले ज्यादा विनिर्माण क्षमता और उत्पादन विकसित कर लिया है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सामान की आपूर्ति जरूरत से अधिक हो सकती है।

जनवरी 2027 से पहले लागू होने की संभावना नहीं

अमेरिका का दावा है कि जरूरत से ज्यादा उत्पादन के कारण वैश्विक बाजार में वस्तुओं की भरमार हो सकती है। इससे उत्पादों की कीमतें गिरने और घरेलू उद्योगों पर दबाव बढ़ने की आशंका है। हालांकि, प्रस्तावित टैरिफ अभी लागू नहीं किए गए हैं। अमेरिकी प्रशासन ने इस प्रस्ताव को सार्वजनिक परामर्श के लिए जारी किया है। इसके तहत उद्योगों, व्यापारिक संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे जाएंगे। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यदि इन शुल्कों को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो इनके प्रभावी होने की सबसे शुरुआती समयसीमा जनवरी 2027 हो सकती है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नया प्रस्ताव

अमेरिका का यह कदम ऐसे समय आया है, जब कुछ महीने पहले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए व्यापक वैश्विक टैरिफ को रद्द कर दिया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि व्हाइट हाउस ने जिस कानूनी प्रावधान का इस्तेमाल किया, उसके तहत राष्ट्रपति को इस तरह के शुल्क लगाने का अधिकार नहीं था। हालांकि, इस फैसले के बाद भी ऑटोमोबाइल और स्टील जैसे कुछ उत्पादों पर क्षेत्र-विशेष टैरिफ लागू हैं। अब ट्रंप प्रशासन ने नए प्रस्ताव के जरिए भारत सहित अन्य देशों के व्यापार पर शुल्क लगाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *