Bangladesh PM Sheik Hasina Resign: भारत का पड़ोसी देश बांग्लादेश इस समय हिंसा की आग में सुलग रहा है। हजारों की भीड़ सड़कों पर उतरकर हिंसक प्रदर्शन कर रही है। इस बीच खबर है कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ढाका को छोड़ दिया है और उनके इस्तीफे की खबर है। हालांकि,अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कहा जा रहा है कि हसीना सेना के विशेष हेलिकॉप्टर से भारत के लिए रवाना हो गई है। इस दौरान बड़ी संख्या प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री कार्यालय में घुस गए हैं।
शेख हसीना के बेटे ने देश के सुरक्षाबलों से आग्रह किया है कि वे संभावित तख्तापलट के प्रयासों को सफल नहीं होने दें। इस बीच राजधानी ढाका सहित देशभर में सेना तैनात कर दी गई है। सड़कों से पुलिस को हटा दिया गया है। इससे पहले सत्तारूढ़ अवामी लीग और मुख्य विपक्षी पार्टी बीएनपी के शीर्ष नेतृत्व के बीच सेना हेडक्वार्टर में बड़ी बैठक हो रही है।
बता दें कि, बांग्लादेश में लगातार खराब हो रहे हालातों के बीच सेना चीफ जनरल वकार-उज-जमान देश को संबोधित कर सकते हैं। देशव्यापी कर्फ्यू को दरकिनार कर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी लॉन्ग मार्च के लिए ढाका के शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा हुए। इससे पहले रविवार को हुई हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 19 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
देशभर में लगा कर्फ्यू
बांग्लादेश के हालात ठीक वैसे ही बनते जा रहे हैं, जैसे कुछ समय पहले पाकिस्तान के थे। पाकिस्तान की तरह ही अंदरूनी कलह से जूझ रहे बांग्लादेश में लॉन्ग मार्च का आह्वान किया गया। छात्र नेताओं ने प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग को लेकर सविनय अवज्ञा आंदोलन की घोषणा की।
सरकार ने हिंसा पर काबू पाने के लिए देशभर में कर्फ्यू लगा दिया है। साथ ही तीन दिनों की छुट्टियां कर दी गई। ट्रेनें अगले आदेश तक रोक दी गई हैं। 3500 से ज्यादा कपड़ा फैक्ट्रियों में भी ताला लग गया है। कोर्ट भी बंद कर दिए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश में कहा गया है कि बंदी के दौरान बहुत जरूरी मामलों में ही सुनवाई की जाएगी। इसके लिए चीफ जस्टिस इमरजेंसी बेंच का गठन करेंगे।
Read Also: Maharashtra: राज्य में सियासी हलचल तेज, राज ठाकरे के बाद शरद पवार से मिले सीएम शिंदे