IND vs SA T20 WC Final: भारत ने शनिवार 29 जून को टी-20 विश्वकप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर दूसरा टी-20 विश्वकप जीता। इससे पहले भारत ने पहला टी-20 विश्वकप साल 2007 में जीता था और 13 साल बाद भारत ने कोई विश्वकप जीता है। भारत साल 2023 के वनडे विश्वकप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था। आईसीसी खिताब के लिए भारत का 11 साल का लंबा इंतजार विराट कोहली के बल्ले से निकली आग और रोहित शर्मा की ‘कूल’ कप्तानी के दम पर खत्म हुआ।
भारत ने आखिरी आईसीसी खिताब साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में साउथ अफ्रीका में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। पिछले साल 19 नवंबर को अहमदाबाद में अधूरा रहा सपना आखिरकार वेस्टइंडीज में पूरा हुआ तो रोहित शर्मा की टीम के साथ टीवी के आगे नजरें गड़ाए बैठे भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की आंखें भी छलछला गईं। जीत के नायक रहे विराट कोहली टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में प्लेयर आफ द मैच बने और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
हार्दिक पंड्या भी आंसूओं पर काबू नहीं रख पाए। रोहित शर्मा ने उन्हें गले लगा लिया। कप्तान रोहित शर्मा की आंखों में भी आंसू थे, लेकिन खुशी के। दर्शक दीर्घा में बैठीं उनकी पत्नी रितिका भी रो रही थीं। बारबाडोस के ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।
अफ्रीका को मिला था 177 रनों का टारगेट
भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। विराट कोहली ने 76 अक्षर पटेल ने 47 और शिवम दुबे ने 27 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए केशव महाराज और एनरिक नॉर्खिया ने 2-2 विकेट लिए। मार्को यानसेन और कगिसो रबाडा ने 1-1 विकेट लिए। रोहित शर्मा ने प्लेइंग 11 में बदलाव नहीं किया। एडेन मार्कराम ने भी प्लेइंग 11 में बदलाव नहीं किया।
Read Also: http://Airport Roof Collapse: तीन दिन और तीन एयरपोर्ट हादसे…अब राजकोट में एयरपोर्ट की छत धड़ाम
वहीं, 177 रनों के टारगेट के जवाब में साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने 52 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 39 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 31 रन बनाए। डेविड मिलर ने 21 रन बनाए। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिए तो वहीं अक्षर पटेल को एक विकेट मिला।