Wayanad Byelection 2024: लोकसभा चुनाव के बाद होने जा रहे उपचुनाव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार कोई चुनाव लड़ने जा रही है। कांग्रेस थिंक टैंक ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि वायनाड से राहुल गांधी इस्तीफा देंगे और रायबरेली से सांसद बने रहेंगे। वायनाड से कांग्रेस उपचुनाव में प्रियंका गांधी को मैदान में उतारेगी। प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने बड़ा ऐलान कर दिया है।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, मैं देश की जनता को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने कांग्रेस को अच्छा आंकड़ा दिलाया और बीजेपी को 400 पार जुमले की हकीकत याद दिला दी। मैं बहुत खुश हूं कि प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। वह वहां भी मेहनत करेंगी। मैं उम्मीद करता हूं कि वहां की जनता उन्हें भारी बहुमत से जिताएं। जब भी मुझसे राजनीति में आने पर सवाल किया गया तब मैंने हमेशा कहा है कि प्रियंका गांधी के संसद में शामिल होने के बाद मैं सक्रिय राजनीति में आ सकता हूं। उनका (प्रियंका गांधी) संसद और सक्रिय राजनीति में होना जरूरी है।
बता दें कि, अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता केएल शर्मा और रायबरेली सीट से राहुल गांधी की जीत पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, “अमेठी और रायबरेली की जनता हमेशा चाहती है कि गांधी परिवार उनके साथ रहे। अमेठी की जनता को एहसास हुआ कि उन्होंने स्मृति ईरानी को वहां से गलत जिताया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सही निर्णय लिया कि किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से चुनाव लड़ना चाहिए। साल 1999 से मैंने जब प्रचार शुरू किया तो मैं अमेठी-रायबरेली गया था और मुझे वहां के लोगों से प्यार मिला। प्रियंका गांधी की मेहनत रंग लाई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ऐलान के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मैं वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने जा रही हूं। मैं वायनाड को राहुल गांधी की कमी महसूस नहीं होने दूंगी और हम दोनों रायबरेली में भी मौजूद होंगे और वायनाड में भी रहेंगे। हम अपनी जनता को अकेले नहीं छोड़ेंग। हम अमेठी, रायबरेली और वायनाड के लोगों के करीब रहेंगे।