Byelection 2024 Priyanka Gandhi In Wayanad: आखिरकार कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि राहुल गांधी वायनाड लोकसभा सीट से इस्तीफा देंगे और उपचुनाव में पहली बार प्रियंका गांधी चुनावी ताल ठोकती नजर आएगी। प्रियंका गांधी के जीवन का यह पहला चुनाव है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि प्रियंका गांधी अमेठी से चुनावी मैदान में उतर सकती है लेकिन कांग्रेस थिंक टैंक ने लोकसभा चुनाव में केएल शर्मा को प्रत्याशी बनाया था। शर्मा ने बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी को एक लाख से ज्यादा वोटों को हराया था। प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में नहीं उतारा था। बताते हैं कि अब तक का प्रियंका गांधी का सियासी सफर कैसा रहा है।
2019 और 2022 में मिली निराशा
साल 2019 के आम चुनाव में प्रियंका गांधी को कांग्रेस ने महासचिव बनाया और पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए थे। इसके बाद साल 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए तो प्रियंका गांधी के हाथ एक बार फिर से निराशा आई, कांग्रेस महज दो सीटों पर सिमट गई। ऐसा लगने लगा था कि प्रियंका उत्तर प्रदेश की राजनीति को अलविदा कह देंगी।
2024 में किया धुंआधार प्रचार
कहते हैं कि सब दिन एक समान नहीं होता…और समय बदला और 2024 में लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा। दूसरे चरण में वायनाड में मतदान संपन्न हुआ तो कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार का जिम्मा अपने कंधों पर लिया। इस दौरान प्रियंका कांग्रेस की स्टार प्रचारक बनकर उभरीं। प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार भी जबरदस्त तरीके से किया।
रायबरेली में ही पंडित जवाहर लाल नेहरू को याद किया तो प्रधानमंत्री मोदी के मंगलसूत्र वाले बयान पर भी निशाना साधा। जनता से पूछा कि क्या कांग्रेस ने 55 वर्षों में किसी का सोना या मंगलसूत्र छीना? नतीजा ये रहा कि अमेठी से केएल शर्मा तो रायबरेली से राहुल गांधी को जीत हासिल हुई, वो भी बड़े अंतर के साथ। रायबरेली में राहुल गांधी चुनाव जीते लेकिन बहुत हद तक इस जीत का श्रेय प्रियंका गांधी के प्रचार अभियान को भी जाता है।
Read Also: Haryana: बीजेपी सरकार का नायाब फैसला, जल्द होगी वन मित्रों की भर्ती- सीएम
यह कहने में भी कोई गुरेज नहीं कि प्रियंका गांधी ने सुस्त पड़ती दिख रही कांग्रेस में ईंधन भरने का काम किया। लंबे समय बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने 7 सीटों पर कब्जा किया। अब पहली बार कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को वायनाड से चुनावी मैदान में उतारा है। लोकसभा चुनाव के दौरान सीनियर नेता जयराम रमेश ने कहा था कि प्रियंका गांधी को संसद में भेजने के बहुत से विकल्प खुले हैं और आज कांग्रेस ने इसका आधिकारिक ऐलान कर दिया।