Swati Maliwal Case Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद और पूर्व दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल केस में आज दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से पूछताछ करने वाली है। केजरीवाल के माता-पिता को पूछताछ के लिए साढ़े 11 बजे का समय दिया है। वहीं, आम आदमी पार्टी के समर्थक सीएम आवास में जुटने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि यह पूछताछ इसलिए की जा रही है कि क्योंकि स्वाति मालीवाल के कथित मारपीट में जब यह घटना हुई तो केजरीवाल के माता-पिता घर पर मौजूद थे। दिल्ली पुलिस केजरीवाल के परिजनों के बयान दर्ज करना चाहती है। एक दिन पहले ही केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि अब दिल्ली पुलिस मेरे बूढ़े और बीमार माता-पिता से पूछताछ करने आएगी।
सूत्रों के मुताबिक, स्वाति मालीवाल ने मजिस्ट्रेट के सामने दिए अपने बयान में बताया है कि जब वो 13 मई को सीएम हाउस गई थीं, तब अरविंद केजरीवाल के माता और पिता और सुनीता केजरीवाल नाश्ता कर रहे थे। स्वाति ने तीनों को मॉर्निंग विश किया था और फिर डायनिंग हॉल में आ गई थीं, जहां बहस के बाद उनके साथ मारपीट की गई।
निष्पक्ष जांच होनी चाहिए- केजरीवाल
बता दें कि AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के मामले में सीएम केजरीवाल के पीएस विभव कुमार पर आरोप लगाए थे। जिसके बाद पुलिस ने विभव के सीएम आवास से गिरफ्तार कर लिया था अब विभव 5 दिनों की पुलिस हिरासत में हैं। एक दिन पहले केजरीवाल ने मामले पर पहली बार प्रतिक्रिया दी थी कि वह चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
आगे उन्होंने कहा था कि मामले के दो वर्जन हैं और पुलिस को निष्पक्ष कार्यवाही करनी चाहिए। दोषी को सजा और पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। मैं इस मामले पर इसलिए नहीं बोल रहा हूं क्योंकि मेरे बोलने से कार्यवाही प्रभावित हो सकती है। मैं चाहता हूं कि हर एंगल से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और न्याय मिलना चाहिए।