West Bengal Violence: पश्चिम-बंगाल में छठे चरण के मतदान से पहले बुधवार देर रात हिंसा हुई। मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। हिंसा में एक बीजेपी महिला की मौत हो गई और करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिंसा को रूकवाया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
बीजेपी ने हिंसा का आरोप टीएमसी पर लगाया। बीजेपी का कहना है कि इलाके में टीएमसी कार्यकर्ता गुंडागर्दी करते हैं। इलाके में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, टीएमसी ने आरोपों को नकार दिया है। टीएमसी का कहना है कि बीजेपी हमेशा धर्म के नाम पर हिंसा करवाती है।
यह घटना नंदीग्राम के सोनचूरा गांव की बताई जा रही है। स्थानीय बीजेपी नेताओं का आरोप है कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने धारदार हथियार से हमला किया। मृत महिला बीजेपी कार्यकर्ता का नाम रथीबाला आड़ी बताया गया है। घटना से इलाके में तनाव का माहौल है। दो बाद प्रदेश में छठे चरण का चुनाव होना है। गुरुवार को चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा।
बता दें कि, पूर्व मेदिनीपुर सहित जंगल महल के जिलों की आठ सीटों पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। गुरुवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। उससे पहले हिंसा की इस घटना से सियासी पारा गर्मा गया है। पश्चिम बंगाल में तामलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बंकुरा, बिशनुपुर लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव है। सभी सीटों पर मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। यहां कुल प्रत्याशियों की संख्या 79 है।