West Bengal Mamata Banerjee: पश्चिम-बंगाल की सीएम ममता बनर्जी एक बार फिर से चोटिल हो गई। ममता दुर्गापुर के बाद आसनसोल जा रही थी। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर में गिर गई और चोटिल हो गई। आसनसोल में ममता बनर्जी को टीएमसी प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करना था। सीएम जब हेलिकॉप्टर के अंदर गई तो उनका संतुलन खराब हो गया और धड़ाम से गिर गई। बताया जा रहा है कि उनके पैर में हल्की चोट लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राथमिक उपचार लेने के बाद ममता बनर्जी कुछ देर बाद आसनसोल रवाना हो गई। टीएमसी सूत्रों का कहना है कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है और वह आसनसोल में पार्टी की चुनावी रैली को संबोधित करेगी। टीएमसी सुप्रीमो कुछ दिन पहले अपने आवास पर चोटिल हो गई थीं। वह अपने घर में टहलने के दौरान गिर गई थीं, जिससे उनके सिर पर चोट लगी थी। उन्हें तुरंत इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें टांके भी लगाए गए थे।
एसएसकेएम अस्पताल के निदेशक डॉक्टर मणिमोय बंदोपाध्याय ने अपने बयान में कहा था कि ममता बनर्जी को किसी ने पीछे से धक्का दिया था, जिस कारण वह गिर गई थीं और फोरहेड पर कट मार्क के साथ उन्हें अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर मणिमोय के अनुसार, बंगाल सीएम को दिमाग और नाक में चोट लगी थी।
व्हील चेयर पर किया था प्रचार
इससे पहले सैल 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान वह नंदीग्राम में प्रचार करने गई थीं। वहां भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान ममता बनर्जी का पैर लोहे के एक खंभे से टकरा गया था और उन्हें चोट लग गई थी। रेयापारा में एक मंदिर के बाहर हुई इस घटना को टीएमसी ने बीजेपी की साजिश का हिस्सा बताया था।
वहीं, बीजेपी ने ममता बनर्जी पर लोगों की सहानुभूति जुटाने के लिए चोटिल होने का नाटक करने का आरोप लगाया था। टीएमसी सुप्रीमो ने बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान अपने पैर में प्लास्टर के साथ व्हील चेयर पर बैठकर प्रचार किया था। जिसके बाद ममता को लोगों की बहुत सहानुभूति मिली थी।