CM नायब सैनी ने नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का किया शुभारंभ, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

Namo Cricket League-2026: पंचकूला में सोमवार को खेल और नशामुक्ति के संदेश के साथ नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले की शुरुआत हुई। ताऊ देवीलाल खेल परिसर के सेक्टर-3 स्थित क्रिकेट मैदान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और आमजन को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता के मुख्य मुकाबले 4 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रेरणास्रोत अमर शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से आयोजित नमो क्रिकेट लीग में पांच राज्यों की 3,200 से अधिक टीमों और 50 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया है। विभिन्न राज्यों से मुकाबले जीतकर 32 टीमें पंचकूला में ग्रैंड फिनाले के लिए पहुंची हैं। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट, सहयोगी संस्थाओं, आयोजन समिति, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

खेलों को लेकर हरियाणा की उपलब्धियां

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति माना है और खेलों को स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, रोजगार तथा राष्ट्र निर्माण से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों से देश में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। अब छोटे शहरों, गांवों और सामान्य परिवारों से निकलकर युवा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल और खिलाड़ी दोनों रचे-बसे हैं। ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा साबित की है। उन्होंने ग्लासगो में हुए 23वें राष्ट्रमंडल खेलों का जिक्र करते हुए बताया कि भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक हासिल किए, जिनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।

खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की खेल नीति का उद्देश्य प्रतिभाओं को पहचानना, खिलाड़ियों को सम्मान देना और उन्हें मजबूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरी, प्रशिक्षण सुविधाएं और आधुनिक खेल ढांचा उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने बताया कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को छह करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। पिछले करीब 12 वर्षों में 17,544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई है। इसी अवधि में 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। खेल ढांचे पर करीब 1,100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और प्रदेश में 2,000 खेल नर्सरियां खोली गई हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य क्रिकेट के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों और आमजन को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *