Haryana Nayab Singh Saini: हरियाणा के नए सीएम नायब सिंह सैनी थोड़ी देर में शपथ लेने जा रहे हैं। राजभवन में राज्यपाल दत्तात्रेय बंडारू नायब सैनी को शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा हरियाणा के नए कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। हरियाणा की सियासत में मंगलवार को बड़ा फेरबदल हुआ था। सीएम मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।
इसके साथ ही चार साल से ज्यादा बीजेपी-जेजपी का गठबंधन टूट गया। दरअसल, दोनों पार्टियों के बीच आगामी लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर पेंच फंस गया था। जिसके बाद बीजेपी ने अपना रास्ता अलग कर लिया। अब प्रदेश में एक बार फिर से निर्दलीय विधायकों के साथ सरकार बनाने जा रही है। चंडीगढ़ में हुई विधायक दल की बैठक में कुरुक्षेत्र सांसद और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुना।
कौन है नायब सिंह सैनी?
ओबीसी समुदाय के बड़े नेताओं में शामिल सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। नायब सैनी 25 जनवरी 1970 को अंबाला के गांव मिर्जापुर माजरा में सैनी परिवार में जन्मे थे। वे बीए और एलएलबी हैं। इसके साथ ही सैनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं और उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।
वे साल 2002 में युवा मोर्चा बीजेपी अंबाला से जिला महामंत्री बने। इसके बाद साल 2005 में युवा मोर्चा भाजपा अंबाला में जिला अध्यक्ष रहे। सैनी 2009 में किसान मोर्चा भाजपा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री भी रहे। 2012 में वे अंबाला भाजपा के जिला अध्यक्ष बने। आरएसएस के समय से सैनी को मनोहर लाल का करीबी माना जाता है। सूत्र बताते हैं कि सीएम ने ही उन्हें कुरुक्षेत्र से टिकट देने की पैरवी की थी।
साल 2014 में सैनी ने नारायणगढ़ विधानसभा से चुनाव जीता। साल 2016 में वे हरियाणा सरकार में मंत्री पद पर रहे। पिछले लोकसभा चुनाव में वे कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए। कुछ समय पहले ही उन्हें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें हरियाणा का मुख्यमंत्री चुना गया है और कहा जा रहा है कि आज ही शपथ ग्रहण होगा। जबकि निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।