Haryana: मनोहर लाल हुए निवर्तमान, सैनी को सौंपी हरियाणा की कमान

संतोष कुमार सिंह

चंडीगढ़: ठीक ही कहा जाता है कि राजनीति संभावनाओं का खेल है। कल ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा पहुंचे थे और उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ अपने पुराने संबंधों की यादों को ताजा करते हुए कहा था ‘मनोहर लाल जी और मैं बहुत पुराने साथी हैं। दरी पर सोने का जमाना था, तब भी साथ काम करते थे। मनोहर लाल जी के पास एक मोटरसाइकल रहती थी। वो मोटरसाइकल चलाते थे और मैं पीछे बैठता था। रोहतक से निकलता था और गुरुग्राम आकर रुकता था। हमारा लगातार हरियाणा का भ्रमण मोटरसाइकल पर हुआ करता था।’

उस वक्त शायद ही किसी को भान रहा होगा जिस नेता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इतना प्रगाढ़ संबंध हो वो एक दिन बाद हरियाणा का मुख्यमंत्री नहीं रहेगा और उसके स्थान पर उस व्यक्ति को मुख्यमंत्री चुना जायेगा जिसे राजनीति में उसका विश्वासपात्र माना जाता है। कुछ यही घटित हुआ हरियाणा की राजनीति में। सहयोगी दल जेजेपी और भाजपा के बीच लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग से शुरू हुआ विवाद गठबंधन के टूट का कारण बना और यहीं से शुरू हुआ हरियाणा की राजनीति में उथल पुथल।

इसके ठीक एक दिन बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल दत्तात्रेय बंडारू को अपना इस्तीफा सौंप दिया और नये सरकार के गठन की प्रकिया शुरू हुई। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी को हरियाणा का नया मुख्यमंत्री चुना गया। जिनके नाम पर मुहर भाजपा विधायक दल की बैठक में लगी।

कौन है नायाब सिंह सैनी

कहा जा रहा है कि ओबीसी समुदाय के बड़े नेताओं में शामिल सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं।  नायब सैनी 25 जनवरी 1970 को अंबाला के गांव मिर्जापुर माजरा में सैनी परिवार में जन्मे थे। वे बीए और एलएलबी हैं। इसके साथ ही सैनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं और उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।

वे साल 2002 में युवा मोर्चा बीजेपी अंबाला से जिला महामंत्री बने। इसके बाद साल 2005 में युवा मोर्चा भाजपा अंबाला में जिला अध्यक्ष रहे। सैनी 2009 में किसान मोर्चा भाजपा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री भी रहे। 2012 में वे अंबाला भाजपा के जिला अध्यक्ष बने। आरएसएस के समय से सैनी को मनोहर लाल का करीबी माना जाता है। सूत्र बताते हैं कि सीएम ने ही उन्हें कुरुक्षेत्र से टिकट देने की पैरवी की थी।

2014 में सैनी ने नारायणगढ़ विधानसभा से चुनाव जीता। साल 2016 में वे हरियाणा सरकार में मंत्री पद पर रहे। पिछले लोकसभा चुनाव में वे कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए। कुछ समय पहले ही उन्हें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें हरियाणा का मुख्यमंत्री चुना गया है और कहा जा रहा है कि आज ही शपथ ग्रहण होगा। जबकि निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *