Loksabha Chunav 2024: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी अमेठी और वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनावी ताल ठोकेगी। विश्वस्त सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है।
राहुल गांधी ने अपना सियासी करियर की शुरुआत अमेठी से साल 2004 में की थी। इस दौरान राहुल गांधी को भारी मतों से जीत हासिल हुई थी। हालांक, मोदी लहर के बीच कांग्रेस की यह परंपरागत सीट बीजेपी के खाते में चली गई। फिलहाल बीजेपी नेता स्मृति ईरानी अमेठी से सांसद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब राहुल गांधी इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। बता दें कि अमेठी से राहुल के दिवंगत चाचा संजय गांधी, दिवंगत पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी सांसद रही हैं। यह सीट मोदी लहर से पहले कांग्रेस की परंपरागत सीट हुआ करती थी।
स्मृति ने दी खुली चुनौती
हाल ही में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वो एनडीए और यूपीए दोनों के दस सालों पर बहस करें। स्मृति ईरानी ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा था कि राहुल गांधी मैदान तुम चुनो, कार्यकर्ता हम चुनेंगे।
स्मृति ने ये भी कहा था कि अगर युवा मोर्चा के किसी कार्यकर्ता ने उनके सामने बोलना शुरू कर दिया तो वे बोलना भूल जाएंगे। स्मृति ने ये बातें नागपुर में ‘नमो युवा महासम्मेलन’ कार्यक्रम के दौरान कही थीं। बता दें कि, लोकसभा चुनाव सामने खड़ा है। किसी भी समय चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।