Himachal: बागी विधायकों पर जमकर बरसे सीएम सुक्खू, बोले- ‘कांग्रेस के काले नागों ने ईमान बेच दिया’

Himachal: हिमाचल में कांग्रेस सरकार पर जारी संकट के बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू बागी विधायकों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ काले नागों ने ईमान बेच खाया। ऐसे लोगों का जब खुद कोई ईमान नहीं है तो वह क्षेत्र का क्या ख्याल रखेंगे। इस दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भावुक नजर आए।

शुक्रवार को सीएम ने सोलन जिले की जनता को 88 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। धर्मपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सुक्खू ने हिमाचल राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वालों 6 कांग्रेस विधायकों को आड़े हाथ लिया और उन्हें काला नाग तक बता डाला।

सीएम सुक्खू ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने षडयंत्र के तहत सरकार गिराने की कोशिश की है, लेकिन मैं उनसे डरता नहीं हूं। जो विधायक अपना ईमान बेच दें वो विधानसभा क्षेत्र के लोगों का क्या भला करेगा। भारतीय जनता पार्टी के नेता और जो कांग्रेस के काले नाग थे, उन्होंने अपने ईमान को बेच दिया।

हरियाणा सरकार ने दिया हेलिकॉप्टर- सीएम

28 फरवरी को बजट पास होना था, 27 तारीख को स्पीकर के पास जाकर उन्हें धमकाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन 6 काले नागों ने गद्दारी की, वो सड़क रास्ते से नहीं आए। सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस उन्हें मिली, हेलीकॉप्टर उन्हें मिले। वह हेलीकॉप्टर से शिमला आए और बजट में अंदर नहीं बैठे, कांग्रेस के पक्ष में नहीं बैठे। उस बजट में गरीबों के लिए योजनाएं थीं। मैं राजनीतिक षड्यंत्रों का शिकार नहीं होना चाहता।

गद्दारों ने धोखा दिया- सीएम

सीएम ने आगे कहा कि बागी विधायक कांग्रेस की विचारधारा और हाथ से निशान से जीतकर आए थे। अगर हिम्मत थी तो वह निर्दलीय चुनाव लड़कर जीतकर दिखाते। इन गद्दारों ने पार्टी को धोखा दिया। सत्ता और पैसों के लालच में अपना ईमान बेच दिया। ऐसे लोग अपने क्षेत्र का क्या विकास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *