Himachal Congress Crisis: हिमाचल कांग्रेस में मचे सियासी घमासान के बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दो टूक कहा कि उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा नहीं दिया है। इस्तीफे की अफवाह बीजेपी ने फैलाई है। मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर उन्होंने कहा कि वह विधायक हमारे संपर्क में है।
बीजेपी पार्टी को तोड़ने का प्रयास कर रही है लेकिन प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से संगठित है। पहले सीएम सुक्खू के इस्तीफे और बाद पर्यवेक्षकों के सामने इस्तीफे की पेशकश सामने आई थी। हालांकि, अब सीएम इसे बीजेपी द्वारा फैलाई गई अफवाह बता रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर बीजेपी पर आरोप लगाए।
प्रियंका गांधी का कहना है कि बीजेपी सत्ता का गलत प्रयोग कर रही है। 25 विधायकों वाली बीजेपी 43 विधायकों वाली पूर्ण बहुमत की सरकार को अस्थिर करने में जुटी है। बीजेपी कांग्रेस सरकार को चुनौती दे रही है। इससे साफ है कि बीजेपी विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रही है। यह लोकतंत्र का अपमान किया जा रहा है।
हिमाचल पहुंचे पर्यवेक्षक जयराम रमेश ने कहा कि हम अभी विधायकों से बातचीत कर रहे हैं और इसके बाद पार्टी आगे का फैसला लेगी। अगर जरुरत पड़ी तो पार्टी कड़े फैसले लेने से भी पीछे नहीं हटेगी। पूर्ण बहुमत की सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
बता दें कि, हिमाचल कांग्रेस में इस समय भूचाल आया हुआ है। पहले मंगलवार को क्रॉस वोटिंग हुई और कांग्रेस राज्यसभा प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी प्रत्याशी हर्ष महाजन की जीत हुई। इसके बाद कांग्रेस जिस संकट का सामना काफी सालों से कर रही है एक फिर वह हिमाचल में शुरू हो गया।
प्रदेश में इस समय कांग्रेस दो धड़ों में बटी हुई है। मंगलवार को कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर बीजेपी के पक्ष में मतदान किया। आज इस सियासी उठापटक के बीच पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि इसको लेकर मैंने प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को इस बारे में बता दिया है।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कभी-कभी कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं और वर्तमान हालात को देखते हुए मैं इस सरकार में नहीं रह सकता हूं। विक्रमादित्य की नाराजगी इस समय सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली को लेकर बताई जा रही है। बीते दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि हिमाचल में कांग्रेस टूट सकती है।