SP Congress Alliance: देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन तय हो गया। सपा ने कांग्रेस को 17 सीटें दी है। इसके अलावा मध्यप्रदेश में समझौता करके कांग्रेस ने एक सीट सपा को दे दी। कांग्रेस ने सपा को खजुराहो लोकसभा सीट को देने का फैसला किया है।
मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें आती हैं। मध्यप्रदेश में सीधे-सीधे मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच होता है। पिछले आम चुनाव में बीजेपी ने यहां की 29 में से 28 सीटें जीती थीं। कांग्रेस सिर्फ छिंदवाडा की लोकसभा सीट को जीत पाई थी। यह सीट मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने जीती थी।
लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के फॉर्मूले पर सहमति बन गई। दोनों दलों की राज्य इकाइयों ने गठबंधन की घोषणा कर दी। यूपी में सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीटें हैं। दोनों ही पार्टियों के बीच तीन सीटों पर दावेदारी को लेकर पेच फंस गया था। जिसे कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका ने मध्यस्थता करके निपटवा दिया।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को जो सीटें दी गई हैं, उनमें अमेठी, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, देवरिया, बांसगांव, सीतापुर, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, फतेहपुर सीकरी, सहारनपुर और मथुरा के नाम शामिल है।
बता दें कि, एक दिन पहले खबर सामने आई थी कि सपा और कांग्रेस में तीन सीटों पर पेंच फंसा है। दोनों दलों के बीच गठबंधन नहीं होने वाला है। लेकिन प्रियंका गांधी की मध्यस्थता के बाद मामले को सुलझा लिया गया और दोनों दलों ने आम चुनाव में साथ लड़ने का फैसला किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस को मुरादाबाद, बलिया और बिजनौर सीटें देने के लिए तैयार नहीं थे। जबकि कांग्रेस अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के लिए बलिया सीट पर दांव लगाना चाहती थी।