Gyanvapi Case: वाराणसी के पास स्थित गांव चिड़ियादाह में ज्ञानवापी मस्जिद के समर्थन में दीवारों पर पोस्टर लगाए गए हैं। यह पोस्टर ज्ञानवापी को लेकर कोर्ट के फैसले के विरोध को लेकर लगाए गए। सूचना मिलते ही प्राशनिक अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने यह पोस्टर हटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने गांव वासियों से पूछताछ की लेकिन यह पता नहीं लगाया जा सका कि यह पोस्टर किसने लगाए हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर लगातार जांच कर रही है। गांव में जो पोस्टर लगाए गए हैं, उनमें अंग्रेजी में मोटे अक्षरों में लिखा है कि सेव ज्ञानवापी। फिर उसके नीचे हिंदी में लिखा गया कि हम कोर्ट के एकतरफा फैसले का विरोध करते हैं। नीचे फिर अंग्रेजी में 09 फरवरी, ऑन ट्वीटर टाइम 9 पीएम।
गुरुवार को जैसे ही अधिकारियों को सूचना मिली तो पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों से पोस्टर को लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने दीवारों पर लगे पोस्टरों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने पूरे गांव में भ्रमण करते हुए वहां के लोगों से इन पोस्टरों के बारे में पूछताछ की। हालांकि, कोई यह नहीं बता पा रहा कि ये पोस्टर किन लोगों ने और कब लगा दिए। अधिकारी अभी मौके पर ही मौजूद रहकर जांच पड़ताल करने में जुटे हुए हैं।
बता दें कि, जिला कोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद में व्यास तहखाने में हिन्दू पक्ष को पूजा पाठ करने की अनुमति दी थी। जिसके बाद मुस्लिम पक्ष ने हाईकोर्ट का रूख किया था। हालांकि, हाईकोर्ट ने पूजा पाठ को रोकने का कोई आदेश नहीं दिया था। इसके बाद से ज्ञानवापी को लेकर मुस्लिम पक्ष कोर्ट के फैसले को एकतरफा बता रहे हैं।