Bihar Nitish Kumar: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के 94 लाख से अधिक गरीब परिवारों को स्वरोजगार के तहत दो-दो लाख रुपए की अनुदान राशि दी जाएगी। नीतीश सरकार बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत इस राशि को तीन किस्तों में देगी।
मंगलवार को हुई सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक ने 1250 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इसके अलावा बैठक में 18 एजेंडों को भी स्वीकृति दी है। बिहार में बीते दिनों हुई जातिगत आधारित गणना के आधार पर 94 लाख 33 हजार 312 गरीब परिवारों का चयन किया गया है। यह ऐसे परिवार हैं जिनकी मासिक आय 6 हजार रुपए से कम है।
साल 2023-24 के लिए 250 करोड़ जबकि वर्ष 2024-25 के लिए सांकेतिक रूप से एक हजार करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत दो लाख रुपए के अनुदान के लिए गरीब परिवारों को आनलाइन आवेदन करना होगा। आवंटित राशि के अनुसार, लाभुकों का रैंडम चयन किया जाएगा।
तीन किस्तों में दी जाएगी राशि
अनुदान राशि से स्वरोजगार के लिए 62 उद्योग भी चिह्नित किए गए हैं। इनमें लकड़ी आधारित उद्योग, निर्माण उद्योग, हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग आदि उद्योग शामिल हैं। इसके अलावा सैलून, इलेक्ट्रानिक, लांड्री, दैनिक उपभोग की जरूरत जैसे सर्विस क्षेत्र को भी योजना में शामिल किया गया है।
सरकार की ओर से यह अनुदान राशि तीन किस्तों में पहली किस्त 25 प्रतिशत, दूसरी किस्त 50 प्रतिशत और तीसरी किस्त में शेष 25 प्रतिशत राशि दी जाएगी। इस योजना को लागू करने के लिए उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव की अध्यक्षता में कमेटी भी बनाई गई है। जरूरत के अनुसार, कमेटी दूसरे क्षेत्र के उद्योगों को भी योजना में शामिल कर सकती है।
Read Also: Ind vs Afg Weather: तीसरे मैच में बारिश बन सकती है विलेन, जानिए कैसा है चिन्नास्वामी का मौसम