Arvind Kejriwal In Gujarat: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) तैयारियों को धार दे रही है। रविवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के नेत्ररंग में एक जनसभा को संबोधित किया। कहा कि “कल हम जेल में चैतर वसावा (विधायक) से मिलने जाएंगे। बीजेपी ने चैतर वसावा को गिरफ्तार करवा दिया, आपके बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
आदिवासी समाज के नेता को गिरफ्तार कर लिया गया। चैतर वसावा हमारे छोटे भाई जैसा है। सबसे ज्यादा दुख मुझे इस बात से हुआ कि चैतर वसावा की धर्मपत्नी शकुंतला बेन को भी इन्होंने गिरफ्तार कर लिया। देश में बीजेपी की तानाशाही चल रही है। लोकतंत्र को खुलेआम कुचला जा रहा है।
बीजेपी गंडों से बदतर- केजरीवाल
आगे केजरीवाल ने कहा कि हमारे समाज की बहू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले महिलाओं को भी नहीं बख्श रहे हैं। बीजेपी पूरे आदिवासी समाज का अपमान कर रही है। पुराने जमाने में जो डाकू हुआ करते थे उनका भी ईमान धर्म हुआ करता था। किसी गांव में डाका मारने जाते थे तो गांव की बहू बेटियों को नहीं छेड़ते थे। बीजेपी वाले तो डाकुओं से भी बदतर हैं।
आप नेता ने आगे अपने संबोधन में कहा कि पूरे गुजरात में अगर बीजेपी किसी से डरती है तो वो है चैतर वसावा। मैं बीजेपी वालों से कहना चाहता हूं कि आने वाले समय में चैतर वसावा तुम्हारे लिए काल बनकर निकलेगा। जिस दिन चैतर वसावा बाहर आएगा बीजेपी का सत्यानाश करेगा। चैतर पर दवाब डाल रहे हैं कि बीजेपी में शामिल हो जाओ तुम्हें मंत्री बना दिया जाएगा। लेकिन बसावा बीजेपी के सामने नहीं झुक रहा है इसलिए जेल की सजा दी जा रही है।
लोकसभा चुनाव लड़ेंगे बसावा- केजरीवाल
बता दें कि, गुजरात की भरुच लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) चैतर वसावा को चुनाव लड़ाने जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने जेल में बंद आप विधायक को लोकसभा में उम्मीदवार बनाने का ऐलान कर दिया है। केजरीवाल का कहना है बसावा को जमानत मिल जाए नहीं तो हम जेल से ही चैत्र बसावा को चुनाव लड़ाएंगे। बीजेपी ने गुजरात में आदिवासी समाज के लिए कुछ नहीं किया। इस चुनाव में आप अगले 30 साल के लिए वोट कर सकते हैं, लेकिन वे कुछ नहीं करेंगे।