Bengal: राशन घोटाले को लेकर शुक्रवार को बंगाल में छापेमारी करने गई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) टीम पर तृणमूल नेता और समर्थकों ने हमला बोल दिया। हमले में कई अधिकारियों के सिर में चोट लग गई और गाड़ियों को तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं मीडियाकर्मियों को भी बख्शा नहीं गया और कैमरों को छिन लिया गया।
दरअसल, राशन घोटाले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय एजेंसी ईडी ने सुबह कोलकाता तथा उससे सटे जिले उत्तर 24 परगना में कुल 12 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में तृणमूल नेता और ब्लॉक अध्यक्ष शाहजहां शेख के घर पर छापेमारी करने गई ईडी की टीम पर हमला बोल दिया।
कई अधिकारी घायल
हमले में ईडी के कई अधिकारी घायल हो गए और कइयों के सिर फट गए। इसके बाद ईडी अधिकारी मौके से फरार हो गए। जख्मी अधिकारियों को स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, भीड़ ने अचानक हमला बोल दिया था, जिसका केंद्रीय बल के जवानों को अनुमान नहीं था। बड़ी संख्या में लोग होने के कारण जवान अधिकारियों का बचाव भी नहीं कर सके।
read also: Manipur Violence: मणिपुर में फिर हिंसा…उग्रवादी और पुलिस के बीच टकराव, 4 जवान घायल
इलाके में बनी तनावपूर्ण स्थिति
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी नेता के समर्थकों ने जहां-तहां छिपे अधिकारियों को चुन चुनकर पिटाई की। इसके अलावा टीएमसी नेता के समर्थकों ने जवानों के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर स्थानीय अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।
इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। ईडी के अधिकारियों ने जिले के बनगांव में तृणमूल नेता शंकर आढ्य के घर पर भी छापेमारी की थी। दोनों टीएमसी नेता राशन घोटाले में गिरफ्तार मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के करीबी बताए जा रहे हैं।