नई दिल्ली:/ इंग्लैंड के ऐतिहासिक स्टेडियम लॉर्ड्स को क्रिकेट के मक्का नाम से जाना जाता है। इस मैदान पर दुनिया का हर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता है। क्रिकेट के मक्का पर हर बल्लेबाज शतक तो वहीं हर गेंदबाज ज्यादा से ज्यादा विकेट लेने की तमन्ना रखता है। आइए आज हम आपको बताते हैं कि क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स स्टेडियम पर पहला इंटरनेशनल मैच कब और किस टीम के बीच खेला गया था।
क्रिकेट का मक्का लॉर्ड्स
खेल की दुनिया में क्रिकेट बहुत ही पुराना और पॉपुलर गेम है। दुनियाभर में इस खेल के करोड़ो दीवाने है। क्रिकेट के प्रति लोगो में गजब की आस्था है। भारत में क्रिकेट खेला ही नही बल्कि जीया भी जाता है। हर एक भारतवासी के शरीर में क्रिकेट खून की तरह दौड़ता है। वैसे तो क्रिकेट दुनिया के किसी भी स्टेडियम पर खेला जाय इसे करोड़ो दर्शक बेहद दिलचस्पी से देखते हैं, लेकिन जब दो टीमों के बीच इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान पर कोई मुकाबला हो रहा हो तो यह बेहद रोमांचक के साथ ऐतिहासिक भी बन जाता है।
पहला इंटरनेशनल मैच 1884 में खेला गया
लॉर्ड्स पर 220 साल से भी ज्यादा समय पहले से यहां क्रिकेट का मैदान रहा है। 30 हजार की दर्शक क्षमता वाला ये ग्राउंड दुनिया के सबसे चौड़े ग्राउंड्स में से एक है, क्योंकि इसकी बाउंड्री काफी लंबी और चौकोर हैं। क्रिकेट के मक्का पर पहला इंटरनेशनल मुकाबला 139 साल पहले खेला गया था। इस मैदान पर 21 जुलाई 1884 को पहला टेस्ट मैच खेला गया था।
लॉर्ड्स पर इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच
लॉर्ड्स पर पहला इंटरनेशल टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया टीम के बीच 21 जुलाई से लेकर 23 जुलाई तक चला था। इस ऐतिहासिक मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 229 रन बनाए थे। कंगारू टीम की ओर से टुप स्कॉट ने 75 और जॉर्ज जिफेन ने 63 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं इंग्लैंड की ओर से टीड पीट ने 6 विकेट अपने नाम किए थे।
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 184.1 ओवर बल्लेबाजी की और 379 रन बनाए। इंग्लिश टीम की ओर से मिडिल ऑर्डर बैट्समैन ऐलन स्टील ने 148 रन की शानदार पारी खेली थी। पहली पारी में मेजबान टीम इंग्लैंड को 150 रन की बढ़त हासिल हुई थी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के गेंदबाज जोय पॉल्मर ने 6 विकेट चटकाए थे। इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 145 रन पर ढेर हो गई थी।
लॉर्ड्स पर लॉर्ड ने मारी थी बाजी
लॉर्ड्स के मैदान पर लॉर्ड हैरिस की कप्तानी में इंग्लैंड ने बाजी मारी थी। इंग्लैंड की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 5 रन से शिकस्त दी थी। इस तरह क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स पर पहली और ऐतिहासिक जीत मेजबान टीम इंग्लैंड ने ही हासिल की थी।
क्रिकेट के मक्का पर 139 साल पहले जब पहली बार भिड़ी थी दो टीमें, लॉर्ड्स पर लॉर्ड ने ऐसे मारी थी बाजी