Delhi Liquor Scam Arvind K’ejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय के सामने पूछताछ के लिए आज 21 दिसंबर को पेश होना था। लेकिन केजरीवाल विपश्यना के लिए निकल गए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दस दिनों तक विपश्यना में रहेंगे। ईडी के सामने पेश नहीं होने पर बीजेपी ने तंज कसा है।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि अब अरविंद केजरीवाल को विपश्यना के बाद जेलासना करना होगा। अरविंद केजरीवाल को कानून का पालन करना चाहिए। अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब नीति मामले में पूछताछ से भाग रहे हैं।
केजरीवाल बना रहे बहाना- बीजेपी
बीजेपी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल समन जारी होते ही व्यस्तता बताने का बहाना बना लेते हैं। इससे पहले 2 नवंबर को ईडी ने पूछताछ के लिए समन जारी किया था। तत्कालीन केजरीवाल ने मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर व्यस्तता का कारण बताया था। इसके बाद उनके सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
बीजेपी नेता पात्रा ने इसको लेकर कहा कि आम आदमी पार्टी चुनाव को लेकर गंभीर नहीं थी बल्कि जांच एजेंसियों के सामने पेश होने से डर रही है। अगर पार्टी चुनाव को लेकर गंभीर होती तो मध्यप्रदेश में कुछ प्रतिशत वोट जरूर मिलता। लेकिन चुनाव का बहाना लेकर जांच एजेंसियों से दूर भाग रहे हैं। अब दूसरा नोटिस मिलने के बाद विपश्यना का बहाना ले लिया हैं।