हरियाणा में वाराणसी सेवा यात्रा का भव्य स्वागत, CM नायब सैनी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

नारनौल (महेंद्रगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नारनौल के साथ लगते गांव गोद में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। यहां उन्होंने गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक जा रही ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ का हरियाणा में प्रवेश पर जोरदार स्वागत किया और यात्रा को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा यात्रा का पड़ाव एक जगह नहीं, बल्कि अनेक स्थानों पर है। आज उन्हें खुशी है कि यह यात्रा राजस्थान की सीमा से होते हुए हरियाणा के गोद गांव में पहुंची है। उन्होंने कहा – “इंसान से बड़ा संगठन, संगठन से बड़ा समाज और समाज से बड़ा राष्ट्र है, हमें राष्ट्र के लिए काम करना चाहिए।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है। 2014 से लेकर अब तक केंद्र और हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने अनेक विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इससे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने गुजरात का नाम देश में रोशन किया और पिछले 12 सालों से प्रधानमंत्री के रूप में पूरे देश का नाम दुनिया में रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नारनौल प्राचीन ऋषि-मुनियों की भूमि है। जब-जब देश पर युद्ध की स्थिति आई, इस क्षेत्र के जवानों ने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च योगदान देकर इस क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकास की बुलंदियों पर पहुंचाया है। उन्होंने कभी समय नहीं देखा, दिन-रात काम किया है। बुजुर्गों की चिंता, महिलाओं की चिंता, रोजगार, उद्योग और देश को खुशहाल कैसे बनाया जाए, इसी चिंता में वे हमेशा रहते हैं।

पीएम मोदी ने 25 वर्षों तक निस्वार्थ भाव से की देश की सेवा

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में CM सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की है। वडनगर उनकी जन्मभूमि है और वाराणसी उनकी कर्मभूमि है, जहां यह यात्रा पहुंचेगी। हरियाणा में इस यात्रा का यह प्रथम पड़ाव था। यह कोई साधारण यात्रा नहीं, बल्कि एक संकल्प यात्रा है, क्योंकि प्रधानमंत्री ने बिना एक दिन की छुट्टी लिए गरीब और देश के विकास के लिए काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *