नितिन उपाध्याय/ नई दिल्ली
Rajasthan Election 2023: राजस्थान में शनिवार 25 नवंबर को विधानसभा की 200 में 199 सीटों पर मतदान समाप्त हो चुका है। प्रदेश में करीब 77 फीसदी तक मतदान हुआ। लेकिन मतदान समाप्ति के बाद भी प्रदेश में हिंसक घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार मतदान के दौरान जहां प्रदेश में जगह-जगह हिंसक घटनाएं हुईं तो वहीं रविवार को भी डीग शहर में दो समुदायों के बीच हिंसक घटना सामने आई हैं।
दो समुदायों के बीच बवाल
बताया जा रहा है कि डीग जिले के एक गांव में दो समुदायों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के सिंघावली महरायपुर गांव में दो समुदायों के लोग हथियारों से लैस होकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों समुदाय के बीच जमकर पत्थरबाजी और मारपीट हुई। इतना ही नहीं हवाई फायरिंग से पूरा गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
क्षेत्र में बना हुआ है तनाव
जिस गांव पर हमला हुआ है वह सैनी समुदाय के लोगों का है। सैनी समाज का आरोप है कि 5 गांवों के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर हमारे ऊपर हमला किया है। दोनों समुदाय के बीच हुए बवाल के बाद पूरे गांव में हर तरफ पत्थर ही पत्थर नजर आ रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ हैं।
मतदान के दौरान भी हुई थी हिंसक घटना
गौरतलब है कि, शनिवार कल डीग जिले में वोटिंग के दौरान हंगामा हुआ था। शहर विधानसभा क्षेत्र के सीकरी कस्बे में मतदान के दौरान हिंसक घटना हुई थी। बीजेपी प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर पथराव किया गया था साथ ही गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी। पोलिंग बूथ पर मारपीट के बाद खेतों में भी अफरा-तफरी मच गई थी।