Haryana: रविवार को हरियाणा के सीएम मनोहर लाल पानीपत जिले के ज्ञानसरोवर ब्रह्माकुमारी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ज्ञानसरोवर के योगदान पर प्रकाश डाला और भविष्य को लेकर तैयार रुपरेखा की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि ज्ञानसरोवर ब्रह्माकुमारी ने नशे को रोकने के लिए बहुत योगदान दिया है। यह सरकार के साथ मिलकर प्रदेश के युवाओं को जागरुक कर रही है।
नशे को रोकने में मिलेगी सफलता- सीएम
इस दौरान सीएम ने कहा कि सरकार के साथ-साथ कई सामाजिक संस्थाएं नशे के खिलाफ काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो नशे का नासूर युवाओं में बढ़ रहा है, इन सामाजिक संस्थाओं और सरकारों के योगदान से इसको रोकने में सफलता जरूर मिलेगी।
तीसरी बार सीएम बनने का किया दावा
इस दौरान मीडिया से बातचीत से करते हुए कहा कि जनसंवाद रैली में पहुंचकर उन्होंने जनता का आशीर्वाद लिया और जनता के आशीर्वाद से वह दो बार सीएम बन चुके हैं और अब तीसरी बार भी सरकार लाकर मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं, सीएम ने ज्ञान सरोवर ब्रह्माकुमारी कार्यक्रम में 21 लाख रुपए दान देने की घोषणा भी की।
सीएम ने आगे बातचीत में कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अपने आप में प्रेरणा स्त्रोत है। पारिवारिक और सामाजिक संस्कार के सहारे ही युवाओं को हम नशे से दूर रख पाएंगे। कैच दैम यंग की पॉलिसी पर चलते हुए हमें छोटी उम्र में ही उनको सही मार्ग दिखाना होगा। सरकार नशे की सप्लाई चैन को लगातार तोड़ने का कार्य कर रही है। नशा तस्कर समाज और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल रहते हैं।