Rajasthan Chunav 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज शाम का चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। गुरुवार को आखिरी दिन गृह मंत्री अमित ने मीडिया को संबोधित करते हुए गहलोत सरकार को घेरा। शाह ने कहा कि प्रदेश हर क्षेत्र में पिछड़ चुका है। अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। महिलाएं गहलोत सरकार में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है।
बदलाव के मूड में जनता- शाह
आगे उन्होंने कहा कि मैंने चुनाव प्रचार के दौरान पूरे प्रदेश का दौरा किया है। राज्य की जनता अब बदलाव के मूड में है। कोने-कोने में जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। गहलोत सरकार में सरकारी खजाने का दुरुप्रयोग किया गया और तुष्टिकरण की राजनीति प्रदेश में हावी रही। कांग्रेस नेताओं के बच्चे अफसर बने बैठे हैं और आम जनता सड़कों पर बेरोजगार घूम रही है।
गृह मंत्री ने राजस्थान की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इस वीर भूमि की जनता ने लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में बीजेपी का समर्थन किया था। केन्द्र मोदी सरकार बनाकर भारत का डंका पूरी दुनिया में बजवाया। अब विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता बीजेपी के साथ खड़ी है।
धार्मिक स्थानों का किया गया अपमान- शाह
कांग्रेस की गहलोत सरकार ने जनता ही नहीं बल्कि धार्मिक स्थानों का अपमान किया है। सालासर में राम दरबार पर बुलडोजर चलाया गया, अलवर में शिवलिंग को ड्रिलिंग मशीन से तोड़ दिया गया। कठूमर में गौशाल पर बुलडोजर घुमा दिया। राजस्थान में ऐसे तुष्टिकरण के कई मामले देखने को मिले हैं।