Delhi Air Pollution: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। गुरुवार को राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक 700 के पार चला गया। दिनभर राजधानी में धुंध छाई रही। इसके चलते कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी एंड मैनेजमेंट ने गुरुवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) की स्टेज III लागू करने के निर्देश दिए हैं।
700 के पार AQI
बता दें कि दिल्ली के आनंद विहार इलाके में गुरुवार सुबह 10 बजे हवा की गुणवत्ता (AQI) 740 के साथ साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इसके अलावा दिल्ली के औसत AQI की बात करें तो वो 392 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है और अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
कई कामों पर लगाया प्रतिबंध
अगर एक आंकड़े की मानें तो दिल्ली के 37 इलाकों में से कम से कम 18 पर AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली एनसीआर में कई कामों पर प्रतिबंध लगाया गया। आपातकालीन सेवाओं, सरकारी निर्माण कार्यों और सामरिक महत्व के निर्माण कार्यों के अलावा सभी तरह के कंस्ट्रक्शन और डेमोलिशन पर पूरी तरह बैन लगा दिया है।
बंद हो सकते हैं स्कूल
दिल्ली-एनसीआर में BS3 पेट्रोल और BS4 डीजल-4 वाहनों पर बैन लगा दिया है। इसके अलावा CAQM ने निर्देश दिए हैं कि अगर सरकार जरूरी समझे तो 5वीं क्लास तक के बच्चों के लिए स्कूल जाने की बजाय ऑनलाइन क्लास के प्रावधान पर फैसला लें।
मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिनों में मौसम खराब रहेगा। आसमान में स्मॉग की चादर छाई रहेगी। गुरुवार दोपहर को नोएडा देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। दोपहर को नोएडा में AQI 695 दर्ज किया।