शुभम रावत
हैदराबाद: करोड़ों क्रिकेट फैंस जिस घड़ी का इंतजार था अब वो समय आ चुका है। 5 अक्टूबर से भारत के स्टेडियम वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी के लिए तैयार है। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भारत की सरजमीं पर विश्व कप खेलने पहुंच चुका है। 2016 के बाद यह पहला मौका है जब पाकिस्तान की टीम भारत की धरती पर मुकाबला खेलने आई है।
भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा हाईवोल्टेज मैच खेला जाता है। दिल की धड़कनों को रोक देने वाले कांटों के मुकाबले पर दोनों देशों समेत पूरी दुनिया की नजर होती है। बुधवार रात को हैदराबाद एयरपोर्ट पर पाकिस्तान की टीम पहुंची जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। टीम बस से होटल पहुंचने के बाद भी वहां खिलाड़ियों को ग्रैंड वेलकम हुआ। सॉल देकर होटल में उनका स्वागत किया गया। एक होटल स्टाफ के हाथ में ऑल द बेस्ट चैंपियंस का पोस्टर भी था।
भारतीय क्रिकेट फैंस की यह गर्मजोशी देखकर पाकिस्तान टीम को मानो यकीन नहीं हुआ कि भारत के लोग उन्हें इस कदर प्यार कर सकते हैं। वो भी तब जब पाकिस्तान के कुछ क्रिकेटर्स अक्सर भारतीय टीम के लिये कुछ ऐसी बातें करते हैं जो क्रिकेट के रिश्तों में कड़वाहट पैदा करती है।
क्रिकेट के मैदान पर भारत पाकिस्तान अपने देश के जीत के लिये पूरी जान झोंक देते हैं। दर्शकों को ऐसा लगता है कि यह कोई क्रिकेट की जंग नहीं बल्कि दो देशों की जंग है। हालांकि दोनों टीम के खिलाड़ी जब भी मैदान के बाहर होते हैं तो उनमें गजब की दोस्ती नजर आती है। बता दें कि 2016 टी20 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार पाकिस्तानी खिलाड़ी भारत आए हैं।
बाबर आजम की अगुवाई में पाकिस्तान की टीम हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर 29 सितंबर को अपना पहला अभ्यास मैच न्यूजीलैंड से खेलेगी। पाक टीम नीदरलैंड से मैच खेलने के बाद 10 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी। यह मैच भी हैदराबाद में आयोजित होगा। इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में महामुकाबला खेला जाएगा।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फखर जमां, इमाम-उल-हक, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, हसन अली, शाहीन शाह अफरीदी, सऊद शकील, सलमान अली आगा।