उदयपुर: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) 24 सितंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उनकी शादी की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही है। परिणीति और राघव की शादी झीलों की नगरी उदयरपुर के लीला पैलेस में होगी जहां आज सुबह परिणीति और राघव पहुंच चुके हैं। बता दें कि मेहमानों का आगमन शुरु भी हो चुका है।
जब राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा लीला पैलेस जाने के लिए उदयपुर पहुंचे तो एयरपोर्ट पर ढोल नगाड़ों के साथ उनका शानदार स्वागत किया गया। इस दौरान परिणीति को जहां रेड ड्रेस में देखा गया तो वहीं राघव ब्लैक आउटफिट में नजर आए। बता दें कि दोनों की शादी (Parineeti Raghav wedding) के प्रोग्राम कल यानी 23 सितंबर के सवेरे से शुरु होंगे।
शनिवार को सबसे पहले दस बजे से पूरे रीति रिवाज के अनुसार चूड़ा सेरेमनी होगी और फिर दोपहर में शानदार लंच का आयोजन किया गया है। वहीं शाम सात बजे संगीत का प्रोग्राम होगा जिसमें परर्फाम करने के लिए बॉलीवुड से सिंगर भी आ रहे हैं। उनके लिए अलग से इंतजाम किया गया है।
इसके बाद 24 सितंबर को यानी शादी वाले दिन भी बैक टू बैक प्रोग्राम रखे गए हैं। दोपहर एक बजे नाव में सवार होकर दूल्हे राजा राघव चड्डा लीला पैलेस पहुंचेंगे। फिर दोपहर करीब दो बजे से साढ़े तीन बजे के दौरान जयमाला और फेरे होंगे। उसके बाद चार बजे से रिसेप्शन, विदाई और फिर अन्य आयोजन शाम सात बजे तक रहेंगे। शाम को 7 बजे के बाद सभी गेस्ट वापस अपने शहर के लिए रवाना हो जाएंगे।
बता दें कि परिणीति और राघव चड्डा की शादी में परिवार के अलावा सिर्फ खास मेहमान ही शिरकत करेंगे। चूंकि राघव आप पार्टी से सांसद हैं ऐसे में उनकी तरफ से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत अन्य कुछ हस्तियां शामिल होंगी। जबकि परिणीति की तरफ से उनकी बहन प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस समेत अन्य सेलीब्रिटिज शामिल होंगे।