पटना: बिहार में शिक्षा विभाग किसी न किसी कारण से चर्चे में रहता ही है। अभी हाल ही में जमुई जिले के सोनो कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास से 55 छात्राओं के अचानक भाग जाने के मामला सामने आया था। छात्राओं का आरोप था कि उन्हें हॉस्टल में खाना नहीं मिलता है, साथ ही उनसे परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। वहीं अब वैशाली जिले के महनार ब्लॉक में एक सरकारी स्कूल की छात्राओं द्वारा शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है।
दरअसल, वैशाली जिले के महनार ब्लॉक में सरकारी स्कूल की छात्राओं ने अपने स्कूल में सुविधाओं की कमी के खिलाफ उत्पात मचाया। जानकारी के मुताबिक, उच्च विद्यालय में बैठने के लिए बेंच-टेबल तक नहीं होने से नाराज छात्राओं ने सबसे पहले विद्यालय के सामने महनार महिउद्दीनगर नेशनल हाईवे NH 122B को जाम कर दिया। इसके बाद विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
छात्राओं का आक्रोश तब बढ़ गया जब इस घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पंहुची महनार थाने की महिला पुलिस अधिकारी ने छात्राओं को थप्पड़ मारा। दरअसल, ये आरोप है छात्राओं का, उनका कहना है कि महिला पुलिस अधिकारी ने उन्हें थप्पड़ मारा है। जिसके बाद उनका आक्रोश बढ़ गया और गुस्साई छात्राओं ने मौके पर पहुंचे महनार BEO की गाड़ी पर हमला बोल दिया। छात्राओं ने लाठी-डंडे और ईट-पत्थर से गाड़ी पर इतना वार किया कि गाड़ी पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई।
मामले में स्कूल प्रशासन का कहना है कि बच्चों को बहकाया गया है। हालांकि आक्रोशित छात्राओं का कहना है कि स्कूल में बैठने का कोई भी साधन नहीं है जिससे स्कूल में बच्चों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसीलिए आज हमने गुस्से में भारी संख्या में सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जताते जमकर हंगामा किया।