गुरुग्राम: रियलिटी शो जीतने वाले पहले वाइल्ड कार्ड प्रतियोगी बनने के बाद एल्विश यादव (Elvish Yadav) ने Bigg Boss OTT2 का विनर बनकर इतिहास रच दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब शो के इतिहास में कोई वाइल्डकार्ड शो जीता हो। वहीं अपनी जीत का जश्न मनाने के लिए एल्विश ने हरियाणा के गुरुग्राम में एक फैन मीट-अप का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने बिग बॉस के घर में यादव के प्रदर्शन की सराहना की।
जानकारी के मुताबिक, एल्विश के फैन मीट-अप का आयोजन गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में किया गया। इस दौरान स्टेडियम में तीन लाख से अधिक प्रशंसकों की उपस्थिति देखी गई। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में आए सीएम मनोहर लाल ने लोगों का अभिवादन किया। बता दें कि मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से भी एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने यादव के प्रशंसकों को संबोधित कियाहै। इस दौरान उन्होंने प्रशंसकों से नशा मुक्त राज्य में योगदान देने का आग्रह किया।
सीएम ने इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो के कैपशन में लिखा है कि, भारत माता की जय! उत्साह और उमंग से भरपूर युवाओं के इस अपार जनसमूह ने एकजुट होकर जो शक्ति प्रदर्शित की है वो निश्चित रूप से अमृत काल में भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और नशा मुक्त समाज बनाने में सहायक होगी। गुरुग्राम में हरियाणा के युवाओं की उर्जा का साक्षी बना।
बता दें कि अब एल्विश को राजनीतिक हस्तियों से समर्थन मिलने के बारे में अफवाहें फैल रही हैं। इस बारे में मीडिया से बातचीत के दौरान एल्विश ने इस मामले पर अपना नजरिया साझा करते हुए कहा कि, मुझे अब इन सबके बारे में पता चल रहा है। चाहे राजनेता हों, सेलेब्स हों या सोशल मीडिया प्रभावित लोग हों, मैं मेरा समर्थन करने के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं।
हालाँकि, ईमानदारी से कहूँ तो, मैंने इस तरह से मुझे बढ़ावा देने के लिए कोई समर्थन नहीं मांगा या कोई टीम नहीं रखी। यहां तक कि मैं इस बात से भी हैरान हूं कि इतने सारे लोग कैसे चाहते थे कि मैं जीतूं।गौरतलब है कि एल्विश यादव को 14 अगस्त को बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 का विजेता घोषित किया गया। वह ट्रॉफी और 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार अपने साथ ले गए। वहीं अभिषेक मल्हान और मनीषा रानी ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय रनर-अप का खिताब हासिल किया।