रेवाड़ी: आज देश के कई हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और कहीं झमाझम बारिश हो रही है। दिल्ली में भी सुबह से बारिश देखने को मिल रही है जिससे पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस झेले रहे लोगों को राहत मिली है। वहीं हरियाणा के रेवाड़ी में लगभग एक घंटे हुई झमाझम बारिश के कारण किसानों के चेहरे पर खुशी छाई हुई है।
दरअसल, हरियाणा में जुलाई में तो अच्छी खासी बारिश देखने को मिली जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, लेकिन अगस्त महीने में बारिश बहुत ही कम मात्रा में दर्ज की गई। वहीं आज राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह से बारिश हो रही है। ऐसे में उन किसानों के चेहरे खिल उठे हैं जो अपनी फसलों को नुकसान होता देख रहे थे।
मौसम विभाग की मानें तो 20 अगस्त के बाद मॉनसून एक्टिव होने की संभावना थी, लेकिन रेवाड़ी में एक दिन पहले ही अच्छी बारिश देखने को मिली है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि रेवाड़ी में आज सुबह करीब छह बजे बूंदाबांदी हुई और फिर तेज बारिश होने लगी और करीब एक घंटे जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 अगस्त के बाद मानसून की सक्रियता बढ़ेगी और अगले तीन दिन तक प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा।
बता दें कि आज यानी 19 अगस्त को हरियाली तीज का त्योहार मनाया जा रहा है। आज के दिन लोग सुबह में पतंग उड़ाते हैं, लेकिन सुबह से हो रही बारिश के कारण पतंगबाजी शुरु नहीं हो पाई। हालांकि बारिश होने के कारण मौसम सुहाना हो गया है। इसके साथ ही राज्य में लोग अब पतंगबाजी का भी आनंद उठा रहे हैं।