Politics: यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान, बोले- ‘राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे चुनाव…मैं हूं सिपाही’

Politics Ajay Rai: यूपी कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष बनाए गए अजय राय पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे। इस दौरान हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। अजय राय का कहना है कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है वह उसका निर्वहन करेंगे। आगामी चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करेंगे।

मीडिया से बातचीत करते हुए राय का कहना है कि इससे पहले भी साल 2014 और 2019 में कांग्रेस उन्हें यह जिम्मेदारी दे चुकी। बीजेपी ने उनके खिलाफ हथकंडा अपनाया था लेकिन अजय राय ना तब झुका था और ना अब झुकेगा। कांग्रेस आलाकमान ने उन पर जो विश्वास दिखाया है वह उस विश्वास को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

उन्होंने कहा कि महादेव की धरती बनारस से यह बिगुल बजा है जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। अब कांग्रेस बीजेपी को देहात में भी हराएगी। कांग्रेस लगातार बूथ स्तर पर मजबूत हो रही है। आम चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।

अमेठी से राहुल लड़ेंगे चुनाव- राय

राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने के एक सवाल के जवाब में कहा कि बिल्कुल राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। प्रियंका गांधी जहां से भी चुनाव लड़ेगी उनका समर्थन किया जाएगा। स्मृति ईरानी बौखलाई हुई है क्योंकि चुनाव में जनता से जो वादे किए थे, उनमें से एक वादा तक पूरा नहीं किया गया।

मैं राहुल गांधी का सिपाही- अजय राय

कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि वह पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता से मिलेंगे। चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे। मैं राहुल गांधी का सिपाही हूं। पूरी मजबूत रणनीति के साथ चुनाव में बीजेपी को हराएंगे। इस बार होने वाले आम चुनाव में कांग्रेस केन्द्र में वापसी करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *