लोकसभा चुनाव जीतने के लिए ईवीएम हैक की कोशिश में भाजपा, ममता बनर्जी का बड़ा आरोप

नई दिल्लीःपश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को हैक करने की कोशिश कर रही है। गुरुवार को ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि अपने इस दावे को साबित करने के लिए उनके पास सबूत हैं।

ममता ने कहा है कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया (I.N.D.I.A.) की बैठक में सभी दल इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आम चुनाव जीतने के लिए पहले ही योजना बनानी शुरू कर दी है। भाजपा के लोगों की ईवीएम को हैक करने की कोशिश के बारे में हमने सुना है और हमें इसके सबूत भी मिले हैं। उन्होंने कहा है कि इस संबंध में हम और अधिक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।

INDIA जीतेगा 2024 का लोकसभा चुनाव

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि 2024 का लोकसभा चुनाव विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया(I.N.D.I.A.) जीतेगा और सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया देश को बर्बादी, सांप्रदायिक तनाव और बेरोजगारी से बचाएगा। ममता ने कहा है कि भाजपा के लोग आम चुनाव जीतने के लिए पहले से ही योजना बना रहे हैं। इसके लिए वे लोग ईवीएम को हैक करने की कोशिश कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल की सीएम ने कहा कि उन्होंने इस बारे में सुना है और सबूत हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि हमलोग और अधिक सबूत प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले ममता बनर्जी भाजपा पर लोकसभा चुनाव से पहले बंगाल में अशांति फैलाने की योजना बनाने का भी आरोप लगा चुकी हैं।

राज्यपाल पर भी साधा निशाना, राज्य प्रशासन में हस्तक्षेप का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ममता ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस द्वारा राजभवन में भ्रष्टाचार रोधी प्रकोष्ठ स्थापित किए जाने की आलोचना की है और इसे राज्य प्रशासन के कामकाज में हस्तक्षेप का प्रयास करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस मुखौटा लगाकर भाजपा के निर्देशों के तहत यहां काम कर रहे हैं। वहीं, राज्यपाल ने ममता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार रोधी प्रकोष्ठ दूसरे के कार्यक्षेत्र में अतिक्रमण नहीं करेगा। ऐसी पहल आम जनता को सक्षम अधिकारियों के पास अपनी शिकायतें भेजने में मदद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *