पुणे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (1 अगस्त) को यानी कल महाराष्ट्र दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरान वे दगडूशेठ मंदिर में पूजा करेंगे। इसके साथ ही वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इससे पहले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शहर में पीएम के खिलाफ पोस्टर लगा दिए गए हैं। पोस्टर में लिखा गया है, पीएम मोदी वापस जाओ। मणिपुर हिंसा समेत अन्य मुद्दों पर भी पीएम के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं।
बता दें कि प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पूरे शहर में पोस्टर लगाए गए हैं। पीएम मोदी के पुणे यात्रा से पहले मणिपुर समेत अन्य मुद्दों को लेकर आक्रोशित कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाया है। पोस्टर में लिखा गया है कि, मिस्टर क्राइम मिनिस्टर वापस जाओ।दूसरे पोस्टर में लिखा था कि प्रधानमंत्री जी, मणिपुर जाएं, संसद का सामना करें। वहीं अन्य पोस्टर में लिखा गया मन की बात बंद करो, मणिपुर की बात करो। इस मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इन अनधिकृत पोस्टरों को हटाने के लिए पुणे नगर निगम के संपर्क में हैं।
विपक्ष में बना रहा विरोध प्रदर्शन की योजना
जानकारी ये भी सामने आ रह है कि पीएम मोदी के पुणे यात्रा के खिलाफ विपक्षी दलों का गठबंधन INDIA के सदस्य भी विरोध प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं। दरअसल, विपक्षी गठबंधन के सदस्यों ने एक विज्ञप्ति जारी किया है जिसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के पास विदेश जाने का समय है, लेकिन मणिपुर जाने का नहीं। गौरतलब है कि मणिपुर में मई की शुरुआत से ही दो समुदायों के बीच हिंसा जारी है। इस हिंसा में अब तक 160 लोगों की जान चली गई है। कई महिलाओं की इज्जत को तार-तार दिया गया। जबकि सैंकड़ों लोग विस्थापित हुए हैं जो राहत शिविरों में रह रहे हैं।
इस मुद्दे के अलावा देश में अन्य कई ऐसे मुद्दे हैं जिसपर विपक्ष मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। इनमें मणिपुर हिंसा समेत अपराध, बेरोजगारी और अन्य मुद्दें शामिल हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पुणे जाएंगे और दगडूशेठ मंदिर में पूजा करेंगे। पीएम मोदी को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
मेट्रो को दिखाएंगे हरी झंडी
वहीं दोपहर 12.45 बजे पीएम मोदी मेट्रो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।प्रधानमंत्री मोदी पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) के तहत अपशिष्ट से ऊर्जा संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे।
इसलिए दिया जाता है लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार
दरअसल, तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट द्वारा1983 में लोकमान्य तिलक की विरासत का सम्मान करने के लिए लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार की स्थापना की गई थी। यह राष्ट्र की प्रगति और विकास में उल्लेखनीय और असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है। ये सम्मान हर साल 1 अगस्त यानी लोकमान्य तिलक की पुण्य तिथि पर दिया जाता है।