Kiran Choudhry Statement:तोशाम विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता किरण चौधरी ने एक बार फिर से बीजेपी को निशाने पर लिया है। उन्होंने प्रदेश और केन्द्र सरकार को पूरी तरह विफल बताया। कहा कि आज देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। बीजेपी ने चुनाव में किया अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। मणिपुर राज्य हिंसा की आग में धधक रहा है लेकिन पीएम इस पर एक शब्द भी बोलना नहीं चाहते हैं।
किरण चौधरी ने चलाया जनसंपर्क अभियान
शनिवार को तोशाम विधायक किरण चौधरी ने हलके के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होने लोगों से बातचीत कर लोगों की समस्याओं को जाना। मौके पर दूसरी पार्टियों के सैंकड़ों कार्यकर्ता अपनी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए। जिनका किरण चौधरी ने स्वागत किया।
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश की जनता ने बीजेपी का सूपड़ा साफ करने का मन बना लिया है। देश ने इससे पहले ऐसी स्थिति नहीं देखी है जैसी देश अब देख रहा है। मणिपुर हिंसा की आग में धधक रहा है और पीएम मोदी संसद में मणिपुर को लेकर कुछ भी बोलना नहीं चाहते हैं। यह देश का दुर्भाग्य है।
बेरोजगारी पर नहीं बोल रहे पीएम- किरण चौधरी
सरकार में आने से पहले बीजेपी ने प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन अब बेरोजगारी युवाओं को अपनी चपेट में ले रही है। लेकिन पीएम इस मुद्दे पर कुछ जवाब देने को तैयार नहीं है। बीजेपी पर हमला बोलते हुए आगे किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में प्रॉपर्टी आईडी और परिवार पहचान पत्र में बड़े स्तर पर त्रुटियां मिली है। यह त्रुटियां आम आदमी के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
इसके अलावा तोशाम विधाय़क ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि इस बार केन्द्र से बीजेपी सरकार की विदाई हो जाएगी। विपक्ष ने इंडिया को बचाने के लिए I.N.D.I.A गठबंधन बनाया है। यह पूरी तरह से सफल साबित होगा। देश की जनता पूरे देश से बीजेपी को बाहर का रास्ता दिखाएगी।