Haryana Congress: कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और किरण चौधरी ने एक मंच पर आकरमीडिया को संबोधित किया और प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर प्रोपर्टी आईडी को लेकर आरोप लगाया कि सरकार के इस फैसले से 88 शहरों में जनता परेशान है। प्रदेश के सीएम मनोहर लाल ने स्वीकार किया है कि प्रॉपर्टी के किए गए सर्वे में 8 लाख गलतियां सामने आई हैं।
निकाय मंत्री ने किया स्वीकार
इसके अलावा स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने भी त्रुटियों को स्वीकार किया है। निकाय मंत्री का कहना था कि सर्वे में 15.50 लाख त्रुटियां सामने आई है। 7 जुलाई को सीएम ने इन त्रुटियों को 8 लाख बताया है।88 शहरों में 42.70 लाख प्रॉपर्टी का सर्वे किया गया है।
सरकार ने नहीं उठाए ठोस कदम- सुरजेवाला
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि एग्रीमेंट के क्लॉज 41.5 में साफ लिखा है कि अगर प्रॉपर्टी आईडी सर्वे में 10 प्रतिशत तक गलतियां पाई गईं, तो ठेकेदार कंपनी को दोगुना जुर्माना लगेगा। अगर प्रॉपर्टी आईडी सर्वे की गलतियां 10 प्रतिशत से 15 प्रतिशत होंगी, तो जुर्माना चार गुना होगा, अगर गलतियां 15 प्रतिशत से 20 प्रतिशत होंगी, तो जुर्माना 8 गुना होगा, और अगर गलतियाँ 20 प्रतिशत से अधिक होंगी, तो टेंडर कैंसल कर दिया जाएगा।
प्रॉपर्टी आईडी सर्वे में 85 प्रतिशत गलतियां होने के बावजूद मनोहर सरकार ने टेंडर कैंसिल नहीं किया और नहीं कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया। पूरा हरियाणा गवाह है कि प्रॉपर्टी आईडी सर्वे में 85 प्रतिशत से अधिक गलतियां हैं। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।