चंडीगढ़: सिरसा में जल्द मिलेगी विकास को गति, गोपाल कांडा की मांग पर सीएम ने दिया आश्वासन

चंडीगढ़: एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा सुसाइड (Geetika Sharma Suicide Case) केस से बरी होने के बाद एक बार फिर पूर्व मंत्री व सिरसा विधायक राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। मामले में बरी होने के बाद उन्होंने पहली बार हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ ही अपने क्षेत्र सिरसा में विकास परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई।

इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पूर्व गृह राज्य मंत्री, सिरसा विधायक और हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने दिल्ली में स्थित हरियाणा भवन में सीएम मनोहर लाल से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों के बीच विकास कार्यों सहित प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। चूंकि फिलहाल हरियाणा के कई राज्य बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ऐसे में कांडा ने सिरसा जिले में बाढ़ से हुए नुकसान और उससे निपटने के लिए विचार विमर्श किया। इसके साथ उन्होंने सीएम से सिरसा के विकास के लिए सड़क, नहरों और स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के लिए बजट मुहैया करवाने का अनुरोध भी किया। इसपर सीएम मनोहर लाल ने सकारात्मक रुख दिखाया है।

सीएम ने मांगों को पूरा करने का दिया आश्वासन

सीएम ने आश्वासन दिया कि सिरसा में बहुत जल्द विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि जिले में जिन परियोजनाओं के लिए बजट मुहैया कराने की मांग की जा रही है उसे पूरा किया जाएगा। जिससे लंबे समय से अधूरे पड़े कार्यों को पूरा किया जा सके। बता दें कि सीएम से मुलाकात करने के बाद गोपाल कांडा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

25 जुलाई को हुए बरी

गौरतलब है कि एरयहोस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले के मुख्य आरोपी और हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को 25 जुलाई को बरी कर दिया गया। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने गोपाल कांडा को बरी करते हुए कहा कि, गीतिका शर्मा के सुसाइड नोट के आधार पर गोपाल कांडा को दोषी साबित नहीं किया जा सकता। महज सुसाइड नोट में किसी आरोपी के नाम का जिक्र भर होने से किसी को आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी नहीं माना जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *