Haryana Flood: हरियाणा में यमुना और घग्गर का कहर जारी है। आधे प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात है। यमुना ने हथिनीकुंड बैराज से लेकर पलवल तक सैंकड़ों गांवों को चपेट में ले रखा है। करीब 250 किमी के इस दायरे में पानी-पानी दिखाई दे रहा है। जनजीवन पूरी तरह से ठिठक चुका है। बाढ़ प्रभावित लोग अपने लिए सुरक्षित आशियाने की तलाश में हैं।
सहायक नदियां हुई ओवरफ्लो
यमुना के बाद घग्गर नदी ने भी रौद्र रूप अपना रखा है। पंचकूला से लेकर फतेहाबाद-सिरसा तक जलप्रलय दिखाई देती है। दोनों नदियों के उफान के बाद सहायक नदियां भी ओवरफ्लो हो गई। इस तबाही में सहायक नदियां सोम, टांगरी, मारकंडा और सरस्वती पूरा साथ दे रही है। अब तक बाढ़ से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग लापता हो गए।
126 मकान धड़ाम
बाढ़ के संकट के बीच 126 आशियाने अब तक गिर चुके हैं। 106 मकान ढ़ह जाने की स्थिति में क्षतिग्रस्त खड़े हैं। पानीपत, करनाल, अंबाला और यमुनानगर में सरकार की ओर से सेना बुलाई गई है। निचले इलाकों में फंसे लोगों का लगातार रेस्क्यू कर रही है। बाढ़ पीड़ित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।
भीषण बारिश और बाढ़ के कारण किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। किसानों की खरीफ की फसल पूरी तरह से तहस नहस हो गई। किसानों की धान की फसल जलमग्न हो गई। बताया जा रहा है कि इस जलप्रलय में अब तक 1.24 लाख हेक्टेयर धान की फसल नष्ट हो गई। किसान सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।