प्रयागराज:देशभर के कई हिस्सों में मॉनसून के आगमन से प्रचंड गर्मी से लोगों को राहत मिली है। लेकिन उत्तर प्रदेश में अब भी उमस और गर्मी का कहर जारी है। क्योंकि अन्य जगहों की तरह यहां अभी भी भारी बारिश नहीं हुई है। गर्मी से राहत नहीं मिलता देख प्रदेश में स्कूलों की छुट्टी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। पहले जहां ग्रीष्मकालीन की छुट्टी 26 जून तक थी वहीं अब इसे बढ़ाकर 2 जुलाई तक कर दिया गया है।
एक हफ्ते और बढ़ाई गई छुट्टी
दरअसल, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल की तरफ से एक पत्र जारी किया गया था। जिसमें 20 मई से 15 जून 2023 तक कुल 27 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था। प्रचंड गर्मी का तांडव देख बाद में प्रताप सिंह बघेल के आदेश पर छुट्टी की अवधि 26 जून 2023 तक बढ़ा दी गई। वहीं अब भी कुछ खास राहत नहीं मिलने के कारण 2 जुलाई तक अवकाश बढ़ा दी गई है।
3 जुलाई से खुलेंगे स्कूल
जानकारी के मुताबिक, कक्षा एक से आठवीं तक के सभी बेसिक स्कूल के लिए यह आदेश लागू किया गया है। अब 3 जुलाई से स्कूलों में पढ़ाई शुरु की जाएगी।
मामले में प्रयागराज की बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि ग्रीष्म अवकाश की अवधि का बढ़ाने का मूल कारण उमस और गर्मी है। 3 जुलाई से विद्यालय नियमित रूप से चलने लगेंगे।