Gujarat Wall Collapse: गुजरात में टूटा बारिश का कहर, दीवार गिरने से चार बच्चों की मौत, 5 गंभीर

Gujarat Wall Collapse:गुजरात में तेज बारिश का असर देखने को मिला है। हलोल के औद्योगिक क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक दीवार गिर गई। दीवार गिरने से चार बच्चों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। मृतक बच्चों की उम्र पांच से कम बताई गई और घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक हिमांशु सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि कि पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश के धार जिले का रहने वाला है। यह लोग हलोल तालुका में चंद्रपुरा गांव में स्थित एक रासायनिक फैक्ट्री के पास एक निर्माण स्थल पर मजदूरी करते हैं। श्रमिकों के परिवार अस्थायी तंबू में रह रहे थे, जो उन्होंने कारखाने की चारदीवारी के पास बनाया था।

तेज बारिश के बीच दीवार अचानक ही श्रमिक परिवारों पर गिर गई। जिसके गिरने से चार मासूमों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को आनन फानन में हलोल के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। बाद में डॉक्टर ने वडोदरा रेफर कर दिया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में कई इलाकों में भारी बारिश होगी। गुजरात के कई हिस्सों में कई दिनों से भारी बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण सूरत शहर जलमग्न हो गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *