Haryana: गौरवशाली रैली में गरजे राजनाथ सिंह, बोले- ‘हरियाणा खेलों की राजधानी…यहां नहीं चलेगी राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान’

Haryana:रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यमुनानगर की गौरवशाली रैली में जमकर गरजे। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं काफी समय के बाद यहां आया हूं और इस इलाके को मां यमुना का आशीर्वाद प्राप्त है इसलिए यहां आना हमेशा सुखद होता है। इस दौरान रक्षा मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक नेता कहता है कि देश में नफरत की दुकान चल रही है और मैं मोहब्बत की दुकान लगाने आया हूं।

रैली में रक्षा मंत्री ने लोगों से पूछा कि क्या हरियाणा में नफरत है। इस सवाल को जनता ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि हरियाणा प्रदेश खेलों की राजधानी है यहां नफरत का कोई काम नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस की मोहब्बत वाली दुकान नहीं चलने वाली है।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने देश की सांस्कृतिक विरासत को बचाने का काम किया है। अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर इसका उदाहरण है। सदन के दोनों सदनों में हमारा पूर्ण बहुमत है इसलिए हमने चुटकी बजाते ही कश्मीर से धारा 370 को हटा दिया। धारा 370 देश के माथे पर कलंक थी।

बीजेपी की गौरवशाली रैली में गरजते हुए राजनाथ सिंह ने कहा हरियाणा ने हमेशा देश का नाम रोशन किया है। इस धरती पर बड़े-बड़े खिलाड़ी पैदा होते है जो पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाते हैं। हरियाणा प्रदेश खेलों की राजधानी है।

इसके अलावा रक्षा मंत्री ने स्वर्गीय सांसद रतनलाल कटारिया को याद किया। उन्होंने कहा कि बैठक छोटी हो या बड़ी लेकिन वह हर बैठक में अपना मत जरूर रखते थे। सभी सदस्य ठहाके लगाने को मजबूर हो जाते थे। रतनलाल कटारिया के स्वर्गवासी होने के बाद बीजेपी को अपूर्णीय क्षति हुई है।

बता दे कि अपने संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री सिंह ने किसी स्थानीय विपक्ष और नेता पर कोई निशाना नहीं साधा बल्कि उन्होंने सीएम मनोहर लाल और गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की तारीफों के कसीदे पढ़ें। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान सीएम मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री करण देव कंबोज और विधायक घनश्यामदास गर्ग आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *