Greece Boat Mishap: ग्रीस में भयानक नाव हादसा, 750 सवारियों की नाव समुद्र में डूबी, 79 की मौत कई लापता

एथेंस: अभी हाल ही में बलिया में भयानक नाव हादसा हुआ था जिसमें कुछ लोगों के मारे जाने की भी सूचना थी। इस बीच ग्रीस से खबर सामने आई है जहां एक नाव को समुद्र ने निगल लिया। इस नाव में करीब 750 लोग सवार थे। इनमें से अब तक 79 लोगों के मारे जाने की सूचना है। वहीं, 104 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। इसके अलावा बाकि के अन्य कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। कयास ये भी लगाया जा रहा है कि अब तक डूबने से उनकी भी मौत हो गई होगी। हालांकि अथॉरिटी उनकी तलाश में लगी है।

इंजन खराब होने से पलटी नाव

ग्रीस के अधिकारियों के मुताबिक, समुद्र में पलटी नाव लीबिया से टोब्रुक की तरफ जा रही थी।नाव पर सभी प्रवासी सवार थे। इस बीच नाव पर किसी ने कोस्ट गार्ड को सूचना दी कि नाव का इंजन खराब हो गया है। इस समस्या का कुछ समाधान किया जाता, इससे पहले ही नाव समुद्र में डूब गई।यह घटना घटित होने में सिर्फ 10 से 15 मिनट का वक्त लगा। वहीं हादसे में डूबने से कई लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा कई लोग लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है।

किसी ने नहीं पहनी थी लाइफ जैकेट

ग्रीस के कोस्ट गार्ड का कहना है कि यूरोपीय यूनियन के बॉर्डर पर एक विमान ने समुद्र में डूबते नाव को देखा। नाव में सवार किसी भी व्यक्ति ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। अगर इन लोगों ने लाइफ जैकेट पहनी होती तो शायद इनकी जान बच सकती थी। इस हादसे पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे को ग्रीस में अब तक सबसे बड़ी प्रवासी त्रासदी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *