WTC Final 2023:रविवार को ऑस्ट्रेलिया ने भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) के फाइनल में हरा दिया। इस मैच को पैट कमिंस (Pat Cummins) की अगुवाई में कंगारू टीम ने 209 रनों से जीत लिया। 10 साल बाद भी भारत आईसीसी (ICC) ट्राफी जीतने का सूखा खत्म नहीं कर पाई।
भारत का टूटा सपना
ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में एक बार फिर से भारत के सपने को तोड़ दिया। भारतीय टीम इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के आगे बेदम दिखी और आधितकतर मौकों पर ऑस्ट्रेलिया ही भारत पर हावी रहा। बता दे कि भारत ने इस मैच में सिर्फ टॉस जीता। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ही हावी रही। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 469 रन बनाए थे।
भारत की जारी रही लचर बल्लेबाजी
टीम इंडिया पहली पारी में 296 रनों पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने फिर अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 270 रनों पर घोषित कर दी और भारत को 444 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। टीम इंडिया इस विशाल टारगेट के सामने 234 रनों पर ढेर हो गई। इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने पांच दिन पांच ऐसी गलतियां की जिससे उसे हार मिली। चलिए आपको हम भारत की ओर से की गई पांच गलतियों के बारे में बताते हैं।
फाइनल टेस्ट मैच में भारतीय टीम की गेंदबाजी साधारण दिखाई दी। टीम इंडिया का कोई भी गेंदबाज स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड को काबू में नहीं कर सका। अच्छी शुरूआत के बाद भारत लड़खड़ा गया और ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
पहली पारी में भारत के बल्लेबाजों ने निराश किया। न रोहित शर्मा का बल्ला चला न विराट कोहली का। मिस्टर भरोसेमंद चेतेश्वर पुजारा भी फेल रहे। निचले क्रम ने जरूर जुझारूपन दिखाया।
मैच के तीसरे दिन अजिंक्य रहाणे ने पैर जमा लिए थे। वह शतक बनाने के करीब थे लेकिन चूक गए और टीम इंडिया 300 रन भी नहीं बना सकी। भारत की तरफ से इस मैच में सिर्फ दो बल्लेबाज ही अर्धशतक जमा सके। रहाणे और शार्दुल ठाकुर ने भारत की लाज बचाई।
भारतीय गेंदबाजों को ऑस्ट्रेलिया के विकेट जल्दी निकालने थे लेकिन ये काम नहीं हो सका और भारत को 444 रनों का विशाल लक्ष्य मिला। चौथे दिन भारत की दूसरी पारी शुरू हो गई। उम्मीद थी कि रोहित और शुभमन गिल टीम को अच्छी शुरुआत देंगे लेकिन ऐसा हो नहीं सका।
पांचवें दिन भारत को जीत के लिए 280 रनों की जरूरत थी। बीते कुछ सालों में टीम इंडिया ने टेस्ट में जो जुझारूपन दिखाया है उसे देख लग रहा था कि ये काम मुमकिन है। इसका एक कारण ये था कि विराट कोहली और रहाणे विकेट पर मौजूद थे। एक के बाद एक खिलाड़ी ढेर हो गए।