Haryana SYL:हरियाणा के सीएम मनोहर लाल अब सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर को लेकर हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ बैठक करने जा रहे हैं। दोनों राज्यों के सीएम चंडीगढ़ में 5 जून को बैठक करेंगे। बैठक में केसाऊ बांध का निर्माण करना, दादुपुर से हमीदा हैड न्यू लिंक चैनल का निर्माण, सरस्वती नदी का कायाकल्प और हेरिटेज विकास परियोजना, बिजली पर सेस लगाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सीएम की सचिवों के साथ बैठक
बता दे कि बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम मनोहर लाल ने प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक की। साथ ही अधिकारियों को प्रदेश के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, नगर एवं ग्राम आयोजना व लोक निर्माण विभाग की 100 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट समीक्षा भी की।
पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता- सीएम
बैठक में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में निर्बाध रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार लगातार पानी की समस्या पर काम कर रही हैं। इसके बाद किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। इसके लिए पेयजल एंव सिंचाई की कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। हिमाचल के साथ होने वाली बैठक में हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।
तालाबों में रोका जाएगा पानी
आगे सीएम मनोहर लाल ने कहा कि राजस्थान से आने वाले पानी को जगह-जगह तालाब बनाकर रोका जाएगा। इससे अलावा गुरुग्राम मेवात फीडर कैनाल, जेएलएन फीडर की क्षमता बढ़ाने, हांसी ब्रांच की क्षमता बढाने के कार्य भी किए गए हैं। इन सिंचाई एवं जल परियोजनाओं से भू-जल संकट वाले क्षेत्रों में निजात मिलेगी।