नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक और सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया। जहां रविवार को शाहबाद डेरी इलाके में एक नाबालिग लड़की की हत्या कर दी गई। इस घटना पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैंने अपने इतने सालों के करियर में इससे ज़्यादा भयानक कुछ नहीं देखा।
चाकू से किए 30 वार, पत्थर से कुचला
दिल्ली में जिस तरह से एक नाबालिग लड़की की हत्या की गई उसने सभी का दिल दहला दिया।शाहबाद डेरीके ई ब्लॉक की रहने वाली साक्षी की निर्मम हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार साहिल नाम के आरोपी ने लड़की पर चाकू से 30 बार वार किए। इसके बाद उसने लड़की को पत्थर से कुचलकर मार डाला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस सनसनीखेज घटना पर स्वाति मालिवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है।
दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद- स्वाति मालीवाल
स्वाति मालिवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, दिल्ली के शाहबाद डेरी में एक नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू गोद-गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से उसे कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। सब हदें पार हो गई हैं। मैंने अपने इतने सालों के करियर में इससे ज़्यादा भयानक कुछ नहीं देखा।
बर्थडे पार्टी में जा रही थी साक्षी
बताया जा रहा है कि साक्षी अपनी एक दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान साक्षी अपनी दोस्त के घर के बाहर खड़ी थी। तभी साहिल नाम का एक युवक उसके पास आया और वो साक्षी से बात करने लगा। इसी दौरान उसनेचाकू से साक्षी पर जानलेवा हमला करना शुरू कर दिया जिसमें उसकी मौत हो गई।