नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan Arrest) को कादिर ट्रस्ट केस में मंगलवार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने गिरफ्तार कर लिया। इमरान की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों में इतना आक्रोश फैल गया कि पूरे पाकिस्तान को हिंसा की आग धकेल दिया। पाकिस्तान का लगभग हर शहर फिलहाल हिंसा की आग में जल रहा है। स्थिति बेहद तनावपूर्ण है। इस बीच एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी और रॉ को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ शिकायत करने की बात कही है। दिल्ली पुलिस ने एक्ट्रेस के इस बात का ऐसा जवाब दिया जिसके बाद उसके पास दिल्ली पुलिस को देने के लिए जवाब ही नहीं जुटा।
दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान की गिरफ्तारी के खिलाफ हो रहे हिंसा को लेकर एक्ट्रेस सहर शिनवारी ने एक ट्वीट में लिखा कि, क्या किसी को दिल्ली पुलिस का ऑनलाइन लिंक पता है? मुझे भारत के प्रधानमंत्री और खुफिया एजेंसी R&AW के खिलाफ शिकायत दर्ज करवानी है। ये मेरे देश पाकिस्तान में अशांति और आतंकवाद फैला रहे हैं। अगर भारत की अदालतें स्वतंत्र हैं (जैसा वे दावा करते हैं) तो मुझे यकीन है कि भारत का सुप्रीम कोर्ट मुझे इंसाफ दिलाएगा।
दिल्ली पुलिस ने की बोलती बंद
We are afraid we still do not have jurisdiction in Pakistan.
But, would like to know how come you are tweeting when the internet has been shut down in your country! https://t.co/lnUCf8tY59
Delhi Police (@DelhiPolice) May 9, 2023
शिनवारी के इस ट्वीट का दिल्ली पुलिस ने ऐसा जवाब दिया जिससे उसकी बोलती बंद हो गई। शिनवारी के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए करते हुए लिखा, पाकिस्तान तो हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। लेकिन, हम जानना चाहते हैं कि जब आपके देश में इंटरनेट बंद कर दिया गया है तो आप ट्वीट कैसे कर रही हैं। दिल्ली पुलिस के इस जवाब के बाद उधर से अब तक कोई जवाब नहीं आया।
इस मामले में हुई गिरफ्तारी
बता दें कि मंगलवार को इमरान खान को अल-कादिर ट्रस्ट से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। इमरान पर 121 मामले दर्ज हैं, जिसमें से देशद्रोह और ईशनिंदा के साथ हिंसा और आतंकवाद को उकसाने के मामले भी शामिल हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के एक अधिकारी ने कहा, खान की गिरफ्तारी का वारंट मंगलवार सुबह जारी किया गया था, उसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पाकिस्तानी रेंजर्स ने इमरान को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे।
पाक पीएम का घर भी आग के हवाले
इमरान के गिरफ्तारी की खबर सुनते ही उनके समर्थक आग-बबूला हो गए और शहरों में तोड़फोड़, आगजनी करनी शुरु कर दी। उनके समर्थक रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में घुस गए। इसके साथ ही उन्होंने मियांवाली के हवाई अड्डे को भी आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं प्रदर्शकारियों ने वर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का घर भी आग के हवाले कर दिया। भयानक तरीके से हुई हिंसा की इस घटना में अभी तक 6 व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। मंगलवार रात से ही पूरा पाकिस्तान गोलियों की आवाज से गूंज उठा है।