मुंबई: सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड के बाद से सुर्ख़ियों में आया कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम किसी ना किसी को धमकी देने के मामले में जुड़ता रहता है। आज फिर से इसका नाम सुर्ख़ियों में आ गया है। मामला है महाराष्ट्र के नेता व शिवसेना उद्धव ठाकरे के प्रवक्ता संजय राउत को धमकी देने का है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग बॉलीवुड स्टार सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दे चुका है। साथ ही पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर आरोप लगे हैं।
यह मिल रही है जानकारी
पुलिस ने बताया कि शिवसेना (उद्धव ठाकरे) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत को धमकी भरा संदेश मिला है। जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने संजय राउत को धमकी दी है कि सिद्धू मूसेवाला गैंग की तरह ही उनकी हत्या कर दी जाएगी। संजय राउत ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह मिली है धमकी
संजय राउत ने बताया कि उन्हें धमकी भरा संदेश मिला है। मैंने इसके बारे में पुलिस को सूचना दे दी है। मैं डरूंगा नहीं। पहले भी मुझ पर हमले की कोशिश की गईं लेकिन पुलिस क्या कर रही है? गृहमंत्री क्या कर रहे हैं? संजय राउत का कहना है कि महाराष्ट्र में नई सरकार के आने के बाद हमारी सुरक्षा हटाई गई। अब हमें जान से मारने की धमकी मिल रही है।
सलमान खान को भी दे चुका है धमकी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बीते साल सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को भी धमकी भरा पत्र भेजा था। यह धमकी भरा पत्र सलमान खान के घर के बाहर मिला था। इसे लेकर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ भी की थी। सलमान खान एक फिल्म की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार मामले में आरोपी थे। हालांकि बाद में उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय से बरी कर दिया गया था।