मेलबर्न: खालिस्तानियों की हरकतें भारत ही नहीं बल्कि विश्व में लगातार सामने आ रही हैं। आज ऑस्ट्रेलिया ने फिर से खालिस्तानी समर्थकों और भारतीय में झड़प की घटना सामने आई है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने इस साल जनवरी के अंत में खालिस्तानी कार्यकर्ताओं और भारत समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच हुए झगड़े की दो घटनाओं के सिलसिले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह बोली विक्टोरिया पुलिस
विक्टोरिया पुलिस ने एक बयान में कहा, ये घटनाएं 29 जनवरी को दो समूहों के बीच तब हुईं, जब पंजाब की कथित आजादी के लिए जनमत संग्रह किया गया। इन झगड़ों में कई लोगों को शारीरिक चोटें आईं।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में एक 23 वर्षीय व्यक्ति है, जिस पर हमला करने का आरोप लगाया गया है, जबकि दो अन्य 36 वर्षीय और 39 वर्षीय व्यक्तियों पर हिंसक अव्यस्था का आरोप लगाया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है।
अन्य लोगों की हो रही है पहचान
इससे पहले दो अन्य 34 और 39 वर्षीय व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें दंगाई व्यवहार के लिए दंड नोटिस जारी किया गया था। इस सप्ताह आरोपी बनाए गए सभी लोगों को आठ अगस्त को मेलबर्न मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश होने के लिए जमानत दे दी गई है। बयान में कहा गया, आगे की जांच चल रही है और पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पूछताछ कर रही है।