पटना: बिहार में राबड़ी देवी से 4 घंटे तक चली पूछताछ समाप्त हो गई है। उल्लेखनीय है कि आईआरसीटीसी घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित आवास पर सीबीआई पूछताछ कर रही थी। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी ने आईआरसीटीसी घोटाला यानी जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने के मामले में पूर्व सीएम से पूछताछ की है। पूछताछ के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि हमारे यहां यह चलता रहता है।
12 सदस्यीय टीम कर रही थी पूछताछ
सीबीआई की 12 सदस्यीय टीम राबड़ी देवी से पूछताछ करने पहुंची थी। इस दौरान उनके बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। सीबीआई ने राबड़ी देवी को पूछताछ के लिए नोटिस दिया था। पहले ये पूछताछ सीबीआई दफ्तर में होनी थी।
कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
राबड़ी देवी के घर के बाहर राजद कार्यकर्ता जुट गए। वे सीबीआई की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। कार्यकर्ता शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करते रहे. कार्यकर्ता सीबीआई और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी कर रहे थे।
कोर्ट ने भेजा 14 लोगों को समन
इससे पहले आईआरसीटीसी घोटाला मामले में कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती सहित 14 आरोपियों को समन जारी कर 15 मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है। ये समन ऐसे वक्त पर जारी हुआ है, जब लालू सिंगापुर से हाल ही में गुर्दा बदलवाकर स्वदेश लौटे हैं।