भारत जोड़ो यात्रा पहुंची राजस्थान के करीब,.अब तक 37 जिलों को पार कर चुके राहुल गांधी

3,570 किमी लंबी, 150-दिवसीय नॉन-स्टॉप पदयात्रा लेकर निकले राहुल गांधी अब राजस्थान के करीब पहुंच गए हैं। रविवार चार दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर जाएगी। बता दें कि शनिवार को मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा समाप्त होने के बाद सबसे पहले राजस्थान के झालावाड़ जिले के चऊंली गांव में प्रवेश करेगी। 15 दिन में कोटा, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर जिले से होते हुए राजस्थान से बाहर चली जाएगी।

भारत जोड़ो यात्रा प्रदेश के सात जिलों की 18 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इसमें झालावाड़ की झालरापाटन, कोटा की रामगंज मंडी, लाडपुरा, कोटा उत्तर और दक्षिण विधानसभा सीट शामिल हैं। इसके बाद यह यात्रा बूंदी जिले की केशवरायपाटन विधानसभा सीट से होते हुए टोंक जिले में प्रवेश करेगी। इस दौरान यात्रा देवली और उनियारा विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगी।

इसी तरह भारत जोड़ो यात्रा सवाई माधोपुर विधानसभा इलाके से बामनवास और लालसोट पहुंचेगी और दौसा में प्रवेश करेगी। जिले की दौसा, लालसोट, सिकराय और बांदीकूई विधानसभा क्षेत्र से होते हुए अलवर पहुंचेगी। जिले की अलवर ग्रामीण, अलवर रामगढ़, राजगढ़ और लक्ष्मणगढ़ विधानसभा होते हुए राज्य से बाहर निकल जाएगी, यानी हरियाणा राज्य में प्रवेश करेगी।

आपको बता दें कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाने वाली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लगभर तीन महीने हो गए। वर्तमान में राहुल गांधी की यात्रा के मध्यप्रदेश में है, जहां उन्होंने आगर के छावनी नाका में शुक्रवार रात एक सभा को भी संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी ने छोटे व्यापार की कमर तोड़कर रख दी। बड़े सेक्टर दो-तीन उद्योगपतियों के पास जा रहे हैं। इससे रोजगार नहीं मिलने वाला है।

उल्लेखनीय है कि, मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज आखिरी दिन है, जिसमें कांग्रेस के कई दिग्गजों समेत कंप्युटर बाबा नामदेव दास त्यागी भी शामिल हुए। अब तक राहुल गांधी ने 37 जिलों से गुजर चुक हैं। राहुल आज आगर-मालवा जिले में चल रहे हैं, प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता राहुल के साथ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *